पाकिस्तान में Suicide Bombing! बलूचिस्तान में सैनिकों की ट्रेन को उड़ाया, 24 की मौत

Pakistan Train Attack, BLA Suicide Bombing: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को मिलिट्री की ट्रेन पर एक बड़ा आतंकी हमला हुआ। बलूच लिबरेशन आर्मी के एक सुसाइड बॉम्बर ने क्वेटा के चमन फाटक इलाके के पास सैनिकों को ले जा रही ट्रेन को निशाना बनाया। इस आत्मघाती विस्फोट में लगभग 24 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाका उस समय हुआ जब ज़ाफ़र एक्सप्रेस ट्रेन क्वेटा के कैंट क्षेत्र से गुज़र रही थी। इस दौरान विस्फोटक सामग्री से भरी एक कार ने ट्रेन को टक्कर मार दी। नतीजतन, धमाका हुआ और विस्फोट इतना ज़बरदस्त था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, दो बोगियां पलट गईं और एक बोगी पूरी तरह जल कर ख़ाक हो गयी। आसपास की इमारतों और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा।
धमाके के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर राहत-बचाव दलों को तैनात किया गया और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली। घायलों को तुरंत ही पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ पर कईयों की हालत नाज़ुक बनी हुई है। पुलिस के साथ-साथ स्थानीय लोग भी मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ भी इलाके में बुलाया है।
इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान में आतंकी संगठन घोषित बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है। BLA इसे “फिदायीन हमला” बता रहा है। हालांकि पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां अभी पूरे मामले की जांच में लगी हुई हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष लोगों को निशाना बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस लिंक को शेयर करें

