एक बार फिर अवैध बारूद के कारोबार ने लील ली जिंदगियां...जयपुर की पटाखा फैक्ट्री में आग, अब तक 3 जिंदा जले

Jaipur Firecracker Fire incident: जयपुर में एक बार फिर पटाखों के अवैध कारोबार ने कई जिंदगिय़ों को जिंदा जला दिया। इतने सारे मामले सामने आने के बाद भी सरकार और प्रशासन की नींद नहीं टूट रही। नतीजा, एक और अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग और 3 लोग जिंदा जल गए। जी हां जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं 7 लोग गंभीर घायल हैं। शर्म की बात तो ये रही कि इतनी बड़ी घटना के होने के बाद जब जिंदा जले जमीन पर पड़े तड़प रहे थे तो वहां मौजूद लोग वीडियो बनाने में बिजी थे।
मकान के अंदर चल रहा बारूदी कारोबार
ये घटना आयशा नगर के तलाई इलाके में हुई। यहीं पर ये पटाखा फैक्ट्री अवैध तरीके से एक मकान के भीतर चलाई जा रही थी। बिना किसी लाइसेंस के और बिना किसी सुरक्षा उपकरणों के दम घोंटू जगह पर ये बारूद का कारोबार चल रहा था। शुरूआती रिपोर्ट में बताया गया है कि जिस घर में ये फैक्ट्री चल रही थी वहां पर किसी वस्तु ने आग पकड़ ली। बारूद होने के चलते जोरदार धमाके होते चले गए और इतना बड़ा हादसा हो गया।
गंभीर घायलों को SMS भेजा
मामले की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर बचाव और राहत टीम, दमकल के साथ पहुंची और आग बुझाने, लोगों को बचाने की कोशिशें की। इनमें से 5 लोगों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया फिर वहां से उन्हें जयपुर के SMS अस्पताल भेज दिया गया। अभी मौके पर जयपुर कलेक्टर संदेश नायक भी मौजूद हैं। उन्होंने भी कहा कि मामले की जांच चल रही है। इसे लेकर एक प्रेस कांफ्रेंस कुछ देर में की जाएगी।
4 महीने पहले भिवाड़ी में पटाखा फैक्ट्री में लगी थी आग
4 महीने पहले ही भिवाड़ी में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका होने से 7 मजदूरों की जिंदा जलने से मौत हो गई थी। ये फैक्ट्री कपड़े की कंपनी के नाम से रजिस्टर्ड थी लेकिन अवैध तरीके से यहां पर पटाखे बनाने का काम हो रहा था। इस मामले ने सियासी रंग भी अख्तियार किया था। कांग्रेस ने बीजेपी सरकार के अधिकारियों पर इस तरह की अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर जानबूझकर कार्रवाई ना करने पर आरोप लगाया था। लेकिन फिर 4 महीने बाद इसी तरह का दर्दनाक हादसा फिर हुआ। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें- अफसरों के फोन का अब बिल नहीं भरेगी राजस्थान सरकार, आ गई नई गाइडलाइन
ये भी पढ़ें- आग के बाद फिर तैयार पचपदरा रिफाइनरी, अब सबसे बड़ा सवाल- क्या पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन?
इस लिंक को शेयर करें

