पचपदरा में दर्दनाक हादसा, गंदे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 3 बच्चों की मौत

Balotra News: बालोतरा के पचपदरा क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पर तीन बच्चों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे वाली जगह पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। जानकारी के अनुसार हादसे की वजह जवाहर नवोदय विद्यालय के पीछे स्थित गंदे पानी की निकासी के लिए बना गड्ढा है। गड्ढे के पास ही एक बड़ी काॅलोनी है। काॅलोनी के बच्चे मंगलवार को वहां पर खेल रहे थे। इस दौरान तीन बच्चे अचानक गड्ढे में गिर गए और पानी में डूब गए। जब बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो आसपास मौजूद लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस की मौजूदगी में बाहर निकाले शव
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब काफी देर तलाशने के बाद भी बच्चों के बारे में जानकारी नहीं मिली तो लोगों ने अंदेशा लगाया कि बच्चे में गड्ढे में गिर सकते हैं। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद गड्ढे में कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में लेकर पचपदरा हाॅस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ेंः किरोड़ीलाल मीणा के समर्थन में उतरे मंत्री मदन दिलावर, बोले- 'वे बेईमान तो मैं भी ईमानदार नहीं हूं'
घटना के लिए जिम्मेदार कौन?
फिलहाल पुलिस ने मृतक बच्चों के परिजनों से भी घटना के बारे में जानकारी ली है। वहीं सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इतना बड़ा गड्ढा खुला क्यों था? क्या ग्राम पंचायत और पंचायत समिति की ओर से उसको बंद करने के कोई कदम नहीं उठाए गए? इसके अलावा नवोदय स्कूल प्रशासन की ओर से जब वह गड्ढा बनाया गया तो उसे ढका क्यों नहीं गया? फिलहाल बच्चों के परिजनों की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया लेकिन यहां पर जिम्मेदारी प्रशासन और स्कूल दोनों की है?
ये भी पढ़ेंः मस्जिद ढहाने पर मुस्लिम संगठन ने दी जनआंदोलन की चेतावनी, मंदिर तोड़ने पर सभी शांत
इस लिंक को शेयर करें

