77वें गणतंत्र दिवस पर भव्य परेड: अंतरिक्ष नायक शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र, राफेल-ब्रह्मोस का प्रदर्शन, देखिये परेड की चुनिन्दा तस्वीरें

77th Republic Day Parade of India: आज देश अपना 77वाँ गणतंत्र दिवस मना रहा है। हर बार की तरह इस बार भी दिल्ली के कर्त्तव्य पथ पर मुख्य परेड आयोजित हुई, जिसमें द्रौपदी मुर्मू ने तिरंगा फहराया। 21 तोपों की सलामी के साथ राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद ग्रुप कैप्टेन और हाल ही में अंतरिक्ष की यात्रा पर गए एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अशोक चक्र से सम्मानित किया।
इस गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में पहली बार दो मुख्य अतिथि, यूरोपियन यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपियन परिषद् के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा मौजूद रहे, जिनका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वागत किया।
डेढ़ घंटे की परेड में भारतीय सेना और NCC की परेड और हथियारों, टैंक्स, हेलिकॉप्टर, फाइटर जेट्स के प्रदर्शन के साथ अलग अलग राज्यों और मंत्रालयों की 30 चुनिन्दा झांकियों की प्रदर्शनी हुई।
परेड में भारत की सेना, नेवी और एयर फ़ोर्स ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। एयरफोर्स के राफेल, जैगुआर, सुखोई और मिग 29 सहित कुल 29 एयरक्राफ्ट ने परेड में भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान इन एयरक्राफ्ट ने सिन्दूर, वज्रांग, अर्जन और प्रहार फार्मेशन बनाये।
इसके साथ ही, भारत की थल सेना ने वॉर टैंक, फाइटर जेट्स और मिसाइल्स का प्रदर्शन किया। इनमें ब्रह्मोस मिसाइल, सूर्यास्त्र रॉकेट लॉन्चर, बैटल टैंक अर्जुन और भीष्म, आकाश वेपन सिस्टम सहित अन्य कई हथियारों का प्रदर्शन हुआ। साथ ही, पहली बार हाइपरसोनिक ग्लाइड मिसाइल का भी प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा, प्रदर्शन में भैरव बटालियन की भी मौजूदगी रही।
फ्लाई पास्ट में सुखोई, C295 समेत 29 एयरक्राफ्ट ने वरुण, अर्जन, सिंदूर जैसे कई अलग अलग फॉर्मेशन बनाए। इन विमानों ने चंडीगढ़ से उड़ान भरी। 6 राफेल जेट ने वज्रांग फॉर्मेशन में उड़ान भरी। C295 एयरक्राफ्ट ने अर्जन फॉर्मेशन बनाया।
इनके बाद देश के अलग अलग राज्यों और मंत्रालयों की तरफ से 30 से भी ज्यादा झांकियों की प्रस्तुति हुई, जिनमें लगभग 2500 कलाकार शामिल हुए और स्थानीय संस्कृति की प्रस्तुति दी। राजस्थान, पंजाब, असम, तमिलनाडु, उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों की झांकियां कार्यक्रम में शामिल हुईं।
इस लिंक को शेयर करें