दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान चला अश्लील वीडियो! वो भी एक नहीं, 2 बार, रुकी सुनवाई

Delhi High Court Porn video incident: दिल्ली हाईकोर्ट में बुधवार को चीफ जस्टिस की अदालत में सुनवाई के दौरान वर्चुअल सिस्टम में एक अश्लील वीडियो अचानक चल पड़ा। घटना दोपहर 12:55 बजे उस वक़्त घटी जब चीफ जस्टिस देवेन्द्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस खरिया की बेंच एक मामले की सुनवाई शुरू करने वाली थी। सुनवाई के लिए जैसे ही चीफ जस्टिस अपनी कुर्सी पर बैठे, वैसे ही कोर्ट के वर्चुअल कॉन्फ़्रेंसिंग सिस्टम पर पोर्न विडियो प्ले होने लग गया।
खबर के अनुसार, वीडियो एक बार नहीं बल्कि दो बार प्ले हुआ। पहली बार विडियो चलने पर कुछ वक़्त के लिए सुनवाई रोक दी गयी थी। जब दोबारा सुनवाई शुरू हुई, वापस से विडियो चलने लगा। साथ ही, स्क्रीन पर “Your Account has been hacked.” का मैसेज भी चल रहा था। (virtual court hacked)
कोर्ट में एक प्रकरण की सुनवाई में कई लोग वर्चुअली जुड़े हुए थे। शुरूआती तकनीकी जांच में सामने आया कि यह वीडियो श्रीधर सर्नोबत और क्षितिजीत सिंह नाम के दो व्यक्तियों की लॉगिन आईडी से चलाया गया था। क्षितिजीत सिंह ने भी दावा किया है कि उनका अकाउंट हैक कर लिया गया था। हालाँकि, अभी तक यह साफ़ नहीं हुआ है कि यह जानबूझकर किया गया प्रैंक था या सिस्टम में कोई सिक्योरिटी ब्रीच हुआ था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए चीफ जस्टिस की कोर्ट ने तुरंत वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम को बंद कर दिया। कोर्ट ने आईटी और तकनीकी टीम को पूर्ण जांच के आदेश दिए हैं। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस लिंक को शेयर करें

