TUE, 10 FEBRUARY 2026

"10 करोड़ दो, वरना मिट्टी में मिला देंगे!": मशहूर सिंगर B Praak को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दी मौत की धमकी

news image
राष्ट्रीय
17 Jan 2026, 08:03 pm
148 देखें
रिपोर्टर : Dushyant

Death Threat to B Praak by Lawrence Vishnoi Gang: मशहूर पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर बी प्राक को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी के साथ ही एक हफ्ते के अंदर 10 करोड़ रुपये की भारी भरकम फिरौती मांगी गई है और कहा गया है कि अगर पैसा नहीं भिजवाया, तो बड़ा नुकसान कर देंगे, मिट्टी में मिला देंगे।


जानकारी के अनुसार, यह धमकी सीधे तौर पर बी प्राक को नहीं दी गई, बल्कि उनके करीबी दोस्त और पंजाबी सिंगर दिलनूर को विदेशी नंबर से कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए भेजी गई। 5 जनवरी को दिलनूर को दो बार कॉल आए, जिन्हें दिलनूर ने नहीं उठाया। बाद में 6 जनवरी को एक विदेशी नंबर का कॉल उठाने पर बातचीत संदिग्ध लगी तो उन्होंने फोन काट दिया। इसके तुरंत बाद एक वॉइस मैसेज भी भेजा, जिसमें कॉलर ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया। आरजू लॉरेंस बिश्नोई गैंग का ही एक सदस्य है और फिलहाल विदेश में छिपा हुआ बताया जा रहा है।


ऑडियो में कॉलर ने अपना नाम आरजू विश्नोई बताया और कहा, ‘बी प्राक को मैसेज कर देना कि हमें 10 करोड़ रुपये चाहिए। तुम्हारे पास एक हफ्ते का टाइम है। चाहे जिस देश में चला जाये, लेकिन अगर उसके आसपास कोई भी दिखा तो बड़ा नुकसान कर देंगे।’ धमकी में आगे कहा गया कि इसे फेक कॉल मत समझ लेना। अगर पैसे दिए तो ठीक, नहीं दिए तो बी प्राक को "मिट्टी में मिला देंगे"। आसान भाषा में कहें, तो मार डाला जाएगा। (10 crore ransom demand)


इसके बाद दिलनूर ने तुरंत मोहाली के एसएसपी को लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और धमकी के स्रोत तथा कॉल करने वाले की तलाश में जुटी है। बी प्राक की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।


बता दें कि विश्नोई गैंग कॉल कर फिरौती मांगने और फिरौती न देने पर गोलियां चलाने और जान से मारने के लिए कुख्यात है। यह घटना भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की कार्यशैली से मिलती-जुलती है। हाल ही में दिल्ली के रोहिणी, पश्चिम विहार और पूर्वी दिल्ली में भी लॉरेंस गैंग के आदमियों द्वारा इसी पैटर्न पर हमले किये गए थे, जहां पुलिस ने गैंग के दो शार्पशूटर्स को एनकाउंटर में गिरफ्तार किया था।


बी प्राक, जिन्होंने 'तेरी मिट्टी', 'फ़िलहाल' ‘बारिश की जाये’ और इनके जैसे ही कई सुपरहिट गानों से ख्याति हासिल की है, फिलहाल मोहाली में रह रहे हैं। इस धमकी से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। पुलिस जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की कोशिश में लगी हुई है।


इस लिंक को शेयर करें

ads
लेटेस्ट खबरें
ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.