टटीरी गाने पर रैपर बादशाह पर शिकंजा! महिला आयोग ने दी गिरफ्तारी की आदेश!"

Tatiri Song Controversy: रैपर बादशाह के लिए हालात बिगड़ते जा रहे हैं। ‘टटीरी’ गाने पर उठे तूफ़ान ने मामला इतना गरमा दिया कि महिला आयोग ने उनके खिलाफ बड़ा कदम उठा दिया है। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने पंचकूला SP को साफ़ आदेश दिए हैं कि बादशाह को गिरफ्तार करो और उनका पासपोर्ट तुरंत जब्त करो। आयोग ने पहले 13 फरवरी को पेश होने के लिए नोटिस भेजा था, लेकिन आख़िरी तारीख़ बीत गई और बादशाह सामने नहीं आए। जिसका नतीजा ये हुआ कि चेयरपर्सन ने सख्त रुख लेते हुए ये कार्रवाई शुरू कर दी।
रेनू भाटिया ने कहा है कि उत्तराखंड महिला आयोग भी इस कार्रवाई के समर्थन में है और सभी राज्यों के महिला आयोगों से अपील की है कि बादशाह के किसी भी लाइव शो पर रोक लगाई जाए। वहीं हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी बादशाह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
क्यों गहराया विवाद?
दरअसल टटीरी गाने के वीडियो में आर्टिस्ट को स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाया गया। इसे स्कूलों की गरिमा का उल्लंघन माना गया। इसके अलावा छात्राओं को बैग फेंकते हुए दिखाया गया है। पढ़ाई से बोर होते दिखाया गया है और अनुशासनहीन तक दिखाया गया है। इतना ही नहीं इन बच्चियों को चलती बस में नाचते और स्टंट करते दिखाया गया। जो सेफ्टी स्टैंडर्ड्स के खिलाफ भी है। इसके अलावा जो सबसे बड़ा विवाद है वो इस गाने के बोल को लेकर है। साथ ही कई सीन्स में गंदे इशारे तक हैं।
इसलिए आयोग ने इसे बच्चों की साइकॉलजी और सोशल वैल्यू के खिलाफ करार दिया है। दूसरी तरफ बादशाह की तरफ से उनके वकील आयोग में पहुंचे थे। वहां उन्होंने कहा था कि बादशाह कुछ निजी कारणों की वजह से यहां नहीं आ पाए। लेकिन चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने बादशाह को पेश होना की वॉर्निंग दे ही दी है।
क्या है टटीरी?
अब आपको हम यहां टटीरी शब्द का मतलब बताते हैं। दरअसल टटीरी एक पक्षी होता है। इसे हरियाणा में संदेशवाहक माना जाता है। वहां के कई पारंपरिक लोकगीत तक इस पर बने हैं। इसमें घर की छत पर बैठी टटीरी पक्षी से बातचीत की जाती है। ये गाना शादियों और पारिवारिक कार्यक्रमों में गाया जाता रहा है। लेकिन अब इस नए म्यूजिक वीडियो में इसका बेहद गलत तरीके से इस्तेमाल किया है। परंपरा से जुड़े इस शब्द को गाने में डालकर महिलाओं के प्रति भद्दा अश्लील और फूहड़पन वाला कंटेंट परोसा है। यानी एक तरफ कलाकार की क्रिएटिव फ्रीडम दूसरी तरफ सामाजिक जवाबदेही। ‘टटीरी’ वीडियो ने इन दोनों के बीच सीधा टकराव खड़ा कर दिया है।
इस लिंक को शेयर करें

