पाकिस्तान अपनी लुटिया डुबोने के रास्ते पर: अगर T20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ, तो बांग्लादेश को मौका मिलेगा - ICC का बड़ा ट्विस्ट

T-20 World Cup 2026 में बांग्लादेश और पाकिस्तान को लेकर बड़ी हलचल मची हुई है। हाल ऐसा है कि पाकिस्तान दूसरों को सपोर्ट देने के चलते अपनी ही लुटिया डुबो सकता है। बांग्लादेश को सपोर्ट करने के चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी वर्ल्ड कप टूर्नामेंट से बाहर होने की चेतावनी थी। बांग्लादेश तो बाहर हो गया, लेकिन पाकिस्तान की तरफ से अभी तक कोई ठोस फैसला नहीं किया गया है। इन सब के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कहा है कि पाकिस्तान के टूर्नामेंट से बाहर होने की स्थिति में बांग्लादेश को फिर से मौका दिया जा सकता है। (T20 WC controversy)
दरअसल, हाल ही में बांग्लादेश में चल रही हिन्दुओं की हत्या के चलते बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने सभी मैच खेलने से मना कर दिया था, और मैच के वेन्यू चेंज करने की मांग की थी। ICC ने इस मांग को ख़ारिज कर दिया था, जिसके बाद पाकिस्तान भी बांग्लादेश के समर्थन में आया और कहा कि अगर बांग्लादेश को खेलने का मौका नहीं मिलेगा, तो पाकिस्तान भी वर्ल्ड कप टूर्नामेंट से बाहर हो जायेगा। (Pakistan boycott Cricket World Cup)
ICC द्वारा मांग ख़ारिज करने के बाद बांग्लादेश वर्ल्ड कप से बाहर हो गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को Group C में शामिल किया गया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए आईसीसी पर 'दोगले रवैये' का आरोप भी लगाया।
अब पाकिस्तान खेलेगा या नहीं, इस मामले पर PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) ने 24 जनवरी को प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से मुलाकात की थी, जिसमें स्थिति पर गहराई से बात हुई थी। नकवी ने एक्स पर पोस्ट किया कि बैठक अच्छी रही और जल्द ही मामला सुलझाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम के खेलने पर आखिरी फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी तक ले लेंगे।
इसी बीच ICC ने भी ऐसे संकेत दिए हैं, जिनमें बांग्लादेश को बचाने के लिए बीच में आया पाकिस्तान अपनी ही लुटिया को डुबो देगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, ICC ने कहा है कि अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर होता है, तो Group A में उसकी जगह बांग्लादेश को दी जा सकती है। और क्योंकि पाकिस्तान के मैच श्रीलंका में होने तय थे, इसलिए बांग्लादेश के सभी मैच भी श्रीलंका में खेले जाएंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की भी पहले से यही मांग थी कि उनकी टीम के मैच बाहर हो।
अब अगर पाकिस्तान बांग्लादेश को सपोर्ट करने के लिए बाहर होता है, तो उसकी जगह बांग्लादेश को मिल सकती है और बांग्लादेश भी ऐसे मौके को नहीं छोड़ने वाला है। हालांकि इसमें कुछ लॉजिस्टिकल चुनौतियां सामने आ सकती हैं।
आईसीसी के एक अधिकारी ने बताया कि अगर ऐसा हुआ, तो यह नई व्यवस्था सिर्फ पाकिस्तान के बाहर होने के बाद बदली परिस्थितियों की वजह से होगी। इसका मतलब ये नहीं होगा कि ICC ने बांग्लादेश की मांगें मान ली है।
इसी के साथ, ICC ने कहा कि अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप को बॉयकॉट करता है, तो इसे ICC के पार्टिसिपेशन अग्रीमेंट का उल्लंघन माना जाएगा, जिसकी वजह से पाकिस्तान को भविष्य में होने वाले ICC के अन्य इवेंट्स और एशिया कप टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जायेगा। साथ ही, पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी खिलाड़ियों के खेलने के लिए दी गयी NOC भी रद्द की जा सकती है।
अब क्योंकि पाकिस्तान दोहरे तूफ़ान में फंस गया है, ऐसे में वो क्या फैसला लेंगे? फिलहाल स्थिति साफ़ नहीं है और क्रिकेट प्रशंसक पाकिस्तान सरकार के आखिरी फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
इस लिंक को शेयर करें