‘ईरान में सत्ता परिवर्तन सबसे अच्छी बात होगी…’, डोनाल्ड ट्रंप के बयान से बढ़ा तनाव, अमेरिका एक और युद्धपोत करेगा तैनात

‘ईरान में सत्ता परिवर्तन सबसे अच्छी बात होगी…’, डोनाल्ड ट्रंप के बयान से बढ़ा तनाव, अमेरिका एक और युद्धपोत करेगा तैनात
अंतरराष्ट्रीय
14 Feb 2026, 04:40 pm
रिपोर्टर : Dushyant

Trump Statement on Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ एक बार फिर भड़काऊ बयान देते हुए कहा है कि इस वक्त ईरान में सत्ता परिवर्तन होना सबसे अच्छी बात होगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका की सरकार ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रही है। ट्रंप ने शुक्रवार को उत्तरी कैरोलिना के फोर्ट ब्रैग में सैनिकों से मुलाकात के बाद यह टिप्पणी की है। इसके साथ ही ट्रम्प ने एक और घोषणा की कि अमेरिका Middle East में एक और एयरक्राफ्ट कैरियर तैनात करने वाला है।

जब ट्रम्प से ईरान में इस्लामिक शासन को खत्म करने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि यह सबसे अच्छी बात हो सकती है। वे पिछले 47 सालों से सिर्फ बातें ही कर रहे हैं और बातें ही करते रहते हैं।" साथ ही उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी, लेकिन बाद में ये भी स्पष्ट किया कि यह उनकी कोशिशों का केवल एक हिस्सा है।

ईरान लम्बे समय से ये कहता आ रहा है कि उनका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह से शांतिपूर्ण कार्यों के लिए है। लेकिन पिछले साल ईरान ने 60 प्रतिशत तक यूरेनियम को संवर्धित कर लिया था, जिसके बाद वह विवादों में रहा। अमेरिका और इजरायल के साथ पिछले संघर्षों के बाद यह मुद्दा और गर्माया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी ट्रंप से मुलाकात में ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और उसके प्रॉक्सी समूहों पर नियंत्रण की मांग की है।

इस बयान के साथ ही ट्रंप ने मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी बढ़ाने की पुष्टि की। उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े विमानवाहक पोत यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड को कैरिबियन से मध्य पूर्व भेजने की जानकारी दी, जो यूएसएस अब्राहम लिंकन के साथ शामिल होगा। इससे क्षेत्र में अमेरिकी युद्धपोतों की संख्या बढ़ गई है, जिसका उद्देश्य ईरान पर दबाव बनाना बताया जा रहा है।

मध्य पूर्व के विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप का यह उकसावे वाला बयान अमेरिका-ईरान संबंधों में तनाव को और बढ़ा सकता है। इससे क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ने का खतरा है और कूटनीतिक विकल्प सीमित हो सकते हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि भड़काऊ बयान और सैन्य गतिविधियां बातचीत के रास्ते को बंद कर सकती हैं, जबकि दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए कूटनीति ही सबसे बेहतर तरीका है।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.