‘सिर्फ भाषण मत दें’...अमित शाह से गहलोत ने दाग दिया कन्हैलाल हत्याकांड पर सवाल, पूछा- कब मिलेगा न्याय

Rajasthan Politics: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इन दिनों राजस्थान के दौरे पर हैं। इधर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा हमला बोला। गहलोत ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उदयपुर कन्हैयालाल हत्याकांड पर सवाल दाग दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अब तक इस मुद्दे पर चुप है लेकिन पीड़ित का परिवार न्याय की आस में भटक रहा है।
अमित शाह बताएं, कब मिलेगा न्याय- अशोक गहलोत
अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर गहलोत ने कहा कि जिस दिन ये घटना हुई, उसी दिन इस केस की जांच राजस्थान पुलिस से लेकर NIA को सौंप दी थी। इसके बावजूद परिवार को अभी तक न्याय का भरोसा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अमित शाह को राजस्थान आकर ये साफ कर देना चाहिए कि इतने संवेदनशील मामले में आखिरी न्याय कब होगा।
अशोक गहलोत ने कन्हैयालाल के परिवार को मिले मुआवजे पर भी हमला बोला। उन्होंने विधानसभा के चुनानी दौर में मुआवजे को लेकर कहा कि इस पर भ्रम फैलाया गया है। उन्होंने कहा कि कन्हैयालाल के परिवार को 50 लाख रुपये की मदद और दोनों बेटों को सरकारी नौकरी कांग्रेस सरकार ने दी। इसकी पुष्टि भी कन्हैयालाल के परिवार ने सार्वजनिक तरीके से की। लेकिन फिर भी इस पर भ्रम फैलाया गया। ऐसे में जनता के सामने गलत जानकारी रखने वालों को माफी मांगनी चाहिए।
सिर्फ भाषण ही मत दें- अशोक गहलोत
अशोक गहलोत ने कहा कि अमित शाह सिर्फ मंच से भाषण देने तक सीमित ना रहें बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर ठोस और ज़मीनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। अशोक गहलोत ने राजस्थान की कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रंगदारी, दुष्कर्म, माफिया गतिविधियों और बजरी माफियाओं के अत्याचार से लोग परेशान हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि बाहरी राज्यों की पुलिस यहां बिना स्थानीय प्रशासन को जानकारी दिए कार्रवाई कर रही है।
राजस्थान दौरे पर हैं अमित शाह
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय राजस्थान के दौरे पर हैं। वे बीती शुक्रवार रात को जोधपुर पहुंचे है। वहां पर शनिवार को उन्होंने पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित माहेश्वरी महाधिवेशन में हिस्सा लिया। वहीं उनका जयपुर में भी कार्यक्रम है। यहां वे राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित IG-SP कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे और राज्य स्तरीय नियुक्ति समारोह में भी वे शामिल होंगे। इसमें अमित शाह हाल ही में चुने गए 10 हजार पुलिस कॉन्स्टेबल्स को नियुक्ति पत्र बांटेंगे।
इस लिंक को शेयर करें