जयपुर में 88 विराट हिंदू सम्मेलन, RSS के 100 साल पूरे होने पर हुआ भव्य आयोजन

Jaipur Hindi Sammelan: राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को कई अलग-अलग स्थानों कुल 88 विराट हिंदू सम्मेलनों का सफल आयोजन किया गया। इन सम्मेलनों का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल पूरे होने उपलक्ष्य में किया गया। कार्यक्रम में आयोजकों और भागीदारों ने सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता जैसे कई मुद्दों पर जोर दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पिछले 15 दिनों से घर-घर जाकर पीले चावल बांटे जा रहे थे और प्रभात फेरियां निकालकर समाज जागरण किया गया था।
हर सम्मेलन में 2000 से ज्यादा लोग शामिल
जानकारी के अनुसार, हर सम्मेलन में औसत 2000 हिंदू समाज के लोग शामिल हुए। सम्मेलनों में 1000 से ज्यादा औरतों ने कलश यात्राएं निकालीं, जबकि 1500 से अधिक महिलाओं ने तुलसी यात्राओं में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हिंदू समाज की एकता से दुनिया को नई दिशा देगा भारत
मानसरोवर (कमला नेहरू नगर) में रामेश्वर धाम बालाजी मंदिर से शुरू हुई कलश यात्रा में 1500 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। मुख्य वक्ता RSS राजस्थान के क्षेत्र कार्यवाहक जसवंत खत्री ने कहा, “हिंदुत्व ही विश्वबंधुत्व की आधारशिला है। हिंदू समाज की एकता से भारत विश्व को नई दिशा देगा।” साथ ही, कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भजन गायन के कार्यक्रम हुए। इसके बाद ब्रह्मपुरी क्षेत्र में 1500 महिलाओं की तुलसी यात्रा निकाली गई, जहां हर घर में तुलसी लगाने और स्वच्छता बनाये रखने की शपथ ली गई। मुख्य वक्ता प्रशांत कुमार ने परिवार और पर्यावरण को जोड़ने वाली परंपराओं पर अपनी बात कही।
इन्हें किया गया सम्मानित
महारानी फार्म क्षेत्र में हुए सम्मलेन में लोगों ने प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने मिलकर पौधारोपण अभियान चलाया और डॉ. अंजलि धाबाई ने स्वच्छ और हरे-भरे जयपुर के निर्माण की अपील की।
आमेर (पीली की तलैया) के सम्मलेन में 1100 महिलाओं की कलश यात्रा हुई और दहेजमुक्त विवाह करने वाले परिवारों का सम्मान हुआ। मौजी कॉलोनी (करधनी) में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों, गौ-सेवकों और पर्यावरण सेवकों को सम्मानित किया गया। दादूदयाल नगर में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, तीन या अधिक संतान वाली माताओं, संयुक्त परिवारों और समाजसेवियों का सम्मान हुआ। प्रताप बस्ती में सहकार्यवाह अशोक शर्मा और योग गुरु महेंद्र सिंह ने एकजुटता बनाये रखने और सामाजिक उत्तरदायित्व पर की अपील की। नीति नगर में रोशन नाथ महाराज और बिरेंद्र पांडे ने हिंदू परिवारों को एकजुट रहने पर जोर दिया।
ये सम्मेलन ‘पंच-परिवर्तन’ के तहत आयोजित हुए, जिनमें हिंदू समाज को एकजुट कर सांस्कृतिक चेतना जगाने और पर्यावरण-संरक्षण को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रमों में भगवा झंडे, लोकनृत्य और भजन कार्यक्रम हुए। आयोजन हिंदू समाज की एकता, समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना पर हुआ।
लेखक- दुष्यंत कांवलिया
इस लिंक को शेयर करें