TUE, 10 FEBRUARY 2026

राजस्थान विधानसभा में आज भी गर्म कार्यवाही, कांग्रेस-बीजेपी के बीच तीखी नोंक-झोंक

news image
राजस्थान
30 Jan 2026, 11:02 am
124 देखें
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Rajasthan Assembly Budget Session: राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र के तीसरे दिन कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से हो रही है। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर बहस हो रही है। आज की कार्यसूची में कुल 48 प्रश्न शामिल हैं। इनमें से 24 तारांकित प्रश्न हैं, जिनका जवाब संबंधित मंत्री सदन में मौखिक रूप से दे रहे हैं। बाकी 24 अतारांकित प्रश्नों के उत्तर लिखित तौर पर सदन के पटल पर रखे जा रहे हैं। वहीं आज उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा परिवहन विभाग से जुड़ी 7 अहम अधिसूचनाएं सदन में पेश करेंगे। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री मंजू बाघमार राजस्थान राज्य महिला आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन पटल पर रखेंगी।


महत्वपूर्ण विभागों पर आज होगी कठोर परीक्षा


राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आज का दिन सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण होगा। खास तौर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी यानी PHED और शिक्षा विभाग से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष सरकार को कठघरे में खड़ा करने की पूरी तैयारी में है। वहीं प्रश्नकाल के दौरान जिन विभागों से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं, उनमें उच्च शिक्षा, कृषि, माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा विभाग शामिल हैं। इसके अलावा जल संसाधन विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, सहकारिता विभाग और नगरीय विकास विभाग (UDH) से जुड़े मुद्दों पर भी विधायक अपनी बात रखेंगे। प्रदेश में पेयजल संकट, किसानों के लिए कृषि योजनाओं और शहरी विकास से जुड़े सवालों पर मंत्रियों की तैयारी आज अहम परीक्षा से गुजरने वाली है।


राज्यपाल अभिभाषण पर बहस का दूसरा दिन


राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का ये दूसरा दिन है। पहले दिन सत्ता पक्ष के नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को विस्तार से बताया था। जबकि आज विपक्ष के वरिष्ठ नेता सरकार पर सवालों की बौछार कर सकते हैं। कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और विकसित राजस्थान के संकल्प पत्र पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो सकती है।


इस लिंक को शेयर करें

ads
लेटेस्ट खबरें
ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.