2 दिनों में 2 बलात्कार और 1 हत्या, IRS अधिकारी की बेटी हत्या केस में 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार! पुराना नौकर निकला आरोपी

IRS Officer Daughter Rape Murder Delhi: 22 अप्रैल को दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 24 घंटों के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने पर सामने आया कि आरोपी ने बीते 2 दिनों में 2 महिलाओं के साथ बलात्कार किया है और दिल्ली में युवती के बलात्कार और हत्या के साथ घर से गहने और नकदी भी लेकर भाग गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को एक होटल से दबोचा गया, जहां वह अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले पीड़िता के परिवार के यहां नौकर का काम कर चुका है, जिससे उसे घर और आसपास की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
दो दिन में किये दो बलात्कार
पुलिस की जाँच और भी कई खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 2 दिनों में बलात्कार की दो घटनाओं को अंजाम दिया है। पहले उसने अलवर में अपने दोस्त की पत्नी के साथ दुष्कर्म किया और उसका गला दबाकर मारने की कोशिश की, लेकिन उसे नहीं मारा। बाद में वह दिल्ली आया और IRS अधिकारी की बेटी के साथ बलात्कार किया और उसकी हत्या कर दी। साथ ही, आरोपी घर से लगभग 2.5 लाख रुपये और गहने भी चुरा ले गया था। घटनास्थल पर हत्या के बाद युवती के फटे हुए और आधे उतरे हुए मिले थे।
सुरक्षा भेद कर कैसे पहुंचा अंदर?
घर के जिस हिस्से में युवती रहती थी, वहां तक पहुँचने के लिए 4 लेयर्ड सिक्यूरिटी थी। आरोपी घर का पुराना नौकर था, इसलिए कई बातें जानता था। उसे घर के सिक्यूरिटी कोड्स पता थे और उसके जाने के बाद घर में चाबियों की जगह भी नहीं बदली गयी थी। इसलिए वो आसानी से युवती तक पहुँच गया।
बता दें कि आरोपी को ऑनलाइन जुआ और सट्टा खेलने की लत थी, जिसके चलते उधार और पैसों के हेरफेर करने के मामले में उसे नौकरी से निकाला गया था, जिसको लेकर उसके मन में खुन्नस थी।
कैसे पकड़ा गया?
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया था और लगातार छापेमारी की जा रही थी। लगातार CCTV फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों की मदद से उसकी तलाश शुरू हुई और आख़िरकार पालम-द्वारका इलाके में एक होटल उसकी लोकेशन ट्रेस हुई, जहाँ से उसे गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों और घटनाओं की कड़ियों को भी खंगाल रही है। इस मामले ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में विस्तृत चार्जशीट दाखिल की जाएगी और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।
इस लिंक को शेयर करें

