जयपुर: बीच सड़क पर 10-15 लड़कों ने पिता-पुत्र को लाठियों से ज़ख़्मी किया! छोटी सी बात पर हमला, CCTV में कैद हुई घटना

Jaipur Road Rage: जयपुर में एक छोटी सी बात पर शुरू हुए विवाद में कुछ लड़कों ने बीच सड़क पर पिता-पुत्र को बुरी तरह पीटा। घटना शुक्रवार सुबह करीब 10:15 बजे की है, जब विद्याधर नगर के माल रोड स्थित सैनी कार गैराज में गाडी को बाहर निकालते वक़्त सड़क पर दूसरी गाडी से छू गयी। इस बात से शुरू हुए विवाद को लेकर 10-15 लड़के मौके पर जमा हो गए और उन्होंने गैराज में काम कर रहे पिता और उनके दो बेटों पर लाठियों-डंडों से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गैराज संचालक दीपक सैनी सुबह के समय कार की मरम्मत कर रहे थे। उनके बेटे राहुल और मनीष भी साथ ही काम पर लगे हुए थे। जब एक कार को रिपेयर करके गैराज से बाहर निकाला, तभी सड़क पर चल रही एक तेज रफ्तार कार ने उस गाड़ी को हल्का टच कर दिया। कार सवार लड़के ने गाली-गलौज शुरू कर दी। लेकिन दीपक और उसके बेटों के सामने आने पर वह वहां से चला गया। लेकिन, थोड़ी ही देर बाद वही युवक अपने साथ 10-15 साथियों को लेकर वापस आ गया। उन सभी लड़कों ने गैराज में घुसकर तीनों पिता-पुत्र को बुरी तरह पीटा। हमलावरों ने तीनों को सड़क पर लाकर लाठियों और डंडों से मार कर ज़ख़्मी कर दिया।
जब आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी और बीच-बचाव करने आगे आई, तो हमलावर भाग गए। लेकिन जाते-जाते उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि इस बार तो तुम बच गए, पर हम फिर आएंगे। तुम्हारा काम तमाम कर देंगे। तुम हमें नहीं जानते, हमारी पहुंच बहुत ऊपर तक है।
पीड़ित दीपक सैनी ने विद्याधर नगर थाने में FIR दर्ज कराई और साथ ही गैराज में लगे सीसीटीवी कैमरा की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को दी। पुलिस ने तीनों घायलों का मेडिकल कराया और कैमरा फुटेज और गाडी के नंबर के आधार पर मामले की जाँच कर रही है।
इस लिंक को शेयर करें

