समय से पहले खिले रोहिड़ा के फूल, राजस्थान में भीषण गर्मी का अलर्ट! 55 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

Rajasthan Summer Weather Forecast 2026: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की भविष्यवाणी के मुताबिक 2026 की गर्मी पूरे देश में पिछले कई दशकों का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। खासतौर पर राजस्थान और उत्तर-पश्चिम के राज्यों में गर्मी सामान्य से बहुत ज्यादा जा सकती है। मैक्सिमम और मिनिमम टेम्परेचर दोनों ही सामान्य स्तर से ऊपर रहेंगे, जिससे रातों में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। इस बार मौसम विभाग ने मैक्सिमम टेम्परेचर 55 डिग्री तक जाने का अंदाज़ा लगाया है।
गर्मी की इस भविष्यवाणी के पीछे कई वजहों में से एक है रोहिड़ा के फूलों का खिलना। इस बार राजस्थान में फरवरी में ही रोहिड़ा (टेक) के पेड़ों में फूल खिलने लगे हैं। ये फूल आम तौर पर मार्च में खिलते हैं। लेकिन इस बार इनका समय से पहले ही खिल जाना आने वाली भीषण गर्मी की तरफ इशारा कर रहा है। (Rohida Flowers Early Bloom)
महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के पर्यावरण विभागाध्यक्ष अनिल चंगानी ने कहा - प्रकृति हमेशा मौसम का संकेत देती है। इस बार भी उसने भयंकर गर्मी का इशारा किया है। अप्रैल में ही जून जैसी तपिश महसूस हो सकती है।
IMD के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आने वाले महीनों में देशभर में सामान्य बारिश की उम्मीद है, लेकिन राजस्थान में प्री-मानसून बारिश कम रहने पर तापमान और तेजी से चढ़ सकता है। उन्होंने कहा, “यह लंबी अवधि का पूर्वानुमान है। इसमें थोडा बदलाव भी हो सकता है, लेकिन इस बार गर्मी काफी झुलसा देने वाली रहेगी। (Extreme Heat Warning India)
पिछले सालों में भी राजस्थान में भीषण गर्मी दर्ज हुई थी। मई 2024 में बाड़मेर के भारत-पाकिस्तान बॉर्डर इलाके में 50 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया था। 2025 में बाड़मेर में लू इतनी तेज थी कि घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी चेतावनी दी है कि मार्च से मई के बीच हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या अस्पतालों में बढ़ सकती है। आम जनता से अपील है कि दोपहर में बाहर कम निकलें, खूब पानी पिएं और हल्के रंग के कपड़े पहनें।
इस लिंक को शेयर करें

