बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने दी प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा?

Bangladesh hindu Violence: बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं पर होते अत्याचार को लेकर विपक्ष बार-बार केंद्र सरकार पर चुप्पी साधने का आरोप लगा रहा था लेकिन अब केंद्र ने विपक्ष से इस मुद्दे को भी छीन लिया है। भारत के विदेश मंत्रालय ने अब इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय की तरफ से प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जवाब दिया है। जिसमें उन्होंने कहा कि भारत बांग्लादेश में हो रही हर एक गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।
क्या कहा विदेश मंत्रालय ने?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत बांग्लादेश में फैलाई जा रही भारत-विरोधी झूठी कहानी को खारिज करता है और दोहराता है कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखना बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी है। भारत घटनाक्रम पर कड़ी नजर रख रहा है और हिंदुओं, ईसाइयों और बौद्धों सहित अल्पसंख्यकों के प्रति जारी शत्रुता पर गहरी चिंता व्यक्त करता है। हम मयमनसिंह में हाल ही में एक हिंदू युवक की हत्या की कड़ी निंदा करते हैं। अंतरिम सरकार के कार्यकाल के दौरान अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की 2,900 से अधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन घटनाओं को महज मीडिया की अतिशयोक्ति या राजनीतिक हिंसा कहकर खारिज नहीं किया जा सकता।
बांग्लादेश BNP के कार्यवाहक अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के लौटने के सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों का भारत समर्थन करता है। इस घटनाक्रम को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
इस लिंक को शेयर करें