अचानक फोन पर बज उठा तेज इमरजेंसी अलार्म! घबराएँ नहीं, ये देश भर में सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट का टेस्ट था: जानें क्या है ये सिस्टम

Cell Broadcast Alert India: अगर आज आपके मोबाइल फोन पर तेज आवाज के साथ अचानक इमरजेंसी अलर्ट आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। यह कोई खतरे की घंटी नहीं है, बल्कि भारत सरकार द्वारा सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम की एक टेस्टिंग थी।
दरअसल, भारत सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम्यूनिकेशंस (DoT) और नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) ने देशभर में एक नया आपदा प्रबंधन सिस्टम शुरू किया है, जिसकी आज टेस्टिंग की गयी थी। इसका मुख्य उद्देश्य है कि अगर भविष्य में किसी भी तरह की प्राकृतिक, मानव-निर्मित आपदा या युद्ध होने जैसी कोई इमरजेंसी होती है, तो ऐसे समय में लोगों तक तुरंत चेतावनी और सूचना पहुंचाई जा सके।
पहले से बेहतर क्यों?
पहले आपदा या इमरजेंसी संबंधी सूचनाएं SMS के जरिए भेजी जाती थीं, जो अक्सर नेटवर्क की समस्या या डिलीवरी में देरी होने के चलते समय पर नहीं पहुँच पाती थीं। नए सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम की खासियत यह है कि यह बिना नेटवर्क पर निर्भर हुए, मोबाइल टावर से सीधे सभी फोनों पर अलर्ट भेज सकता है।
कब आएगा अलर्ट?
यह सिस्टम युद्ध, भूकंप, सुनामी, बाढ़, चक्रवात, बिजली गिरने, गैस लीक, बड़े हादसों या सुरक्षा खतरों जैसी स्थिति में एक्टिव होगा। एक सिंगल क्लिक से एक ही वक़्त पर सभी के पास अलर्ट पहुँच जाएगा।
हालाँकि, इस बार जो अलर्ट आया था, वो सिर्फ टेस्ट अलर्ट था और ऐसे टेस्ट अलर्ट में आमतौर पर लिखा होता है कि 'यह केवल परीक्षण है'। यूजर अगर चाहें, तो अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर 'Wireless Emergency Alerts' को ऑन-ऑफ कर सकते हैं। लेकिन असली आपदा में अलर्ट सेटिंग्स बंद होने पर भी आ सकता है।
यह नई टेक्नोलॉजी कई भारतीय भाषाओं में काम करेगी, जिससे आमजन आसानी से समझ सकें। सरकार का कहना है कि इससे जनजीवन को काफी सुरक्षा मिलेगी।
इस लिंक को शेयर करें

