दिल्ली पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़ - 8 गिरफ्तार में से 7 बांग्लादेशी, बड़े हमले की साजिश नाकाम

दिल्ली पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़ - 8 गिरफ्तार में से 7 बांग्लादेशी, बड़े हमले की साजिश नाकाम
राष्ट्रीय
22 Feb 2026, 08:12 pm
रिपोर्टर : Dushyant

Delhi Police Stopped Lashkar E Taiba's terror Module: दिल्ली पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा की एक बड़ी आतंकी साजिश को होने से पहले ही नाकाम कर दिया है। पुलिस की स्पेशल सेल ने 10 दिनों तक एक सीक्रेट ऑपरेशन करते हुए एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और कुल 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया, जिनमें से 7 बांग्लादेशी नागरिक हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 7-8 फरवरी को शुरू हुई, जब दिल्ली और कोलकाता के मेट्रो स्टेशनों पर किसी ने देश-विरोधी पोस्टर लगाए थे। इन पोस्टरों पर 'फ्री कश्मीर' और 'कश्मीर में कत्लेआम बन करो' जैसे भड़काऊ नारे लिखे थे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। पुलिस की जांच में पता चला कि यह काम लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े मॉड्यूल का हिस्सा था, जो भारत में बड़े हमलों की तैयारी कर रहा था। जाँच शुरू होने के बाद सबसे पहले दो संदिग्धों को पश्चिम बंगाल के मालदा से पकड़ा गया। इनकी पहचान उमर फारूक और रोबिल उल इस्लाम के रूप में हुई। उनके मोबाइल फोन से कई स्थानों की रेकी करने की वीडियो और फोटो बरामद हुए हैं। साथ ही, फ़ोन में हथियार जुटाने की कोशिश के भी संकेत मिले हैं।

फ़ोन की जाँच और पूछताछ करने के बाद पुलिस को आरोपियों के साथियों के निशान मिले, जो तमिलनाडु में छिपे बैठे थे। गिरफ्तार संदिग्धों में मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल जैसे नाम शामिल हैं। इनमें से ज्यादातर व्यक्ति तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले की गारमेंट फैक्टरियों में फर्जी आधार कार्ड के जरिए काम कर रहे थे। 2 व्यक्ति उथुकुली में, पल्लादम से 3 और 1 को तिरुमुरुगनपुंडी से गिरफ्तार किया गया।

आतंकी मॉड्यूल का पूरा संचालन बांग्लादेश से हो रहा था, जहां इसका मुख्य हैंडलर शब्बीर अहमद लोन इसे कण्ट्रोल कर रहा था। शब्बीर अहमद वही आतंकवादी है, जिसे 2007 में भारत में आत्मघाती हमले में गिरफ्तार किया गया था। 2017 में रिहा होने के बाद इसने वापस लश्कर जॉइन कर लिया और बांग्लादेश में अपना बेस बनाकर हैंडल कर रहा था। गिरफ्तार आतंकियों के पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा और आईएसआई से भी संबंध बताए जा रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई से देश में बड़ी आतंकी घटना को टाला गया है। सभी गिरफ्तारों को दिल्ली लाया जा रहा है और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि अभी भी कुछ आतंकी देश के कई हिस्सों में छिपे हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां अभी भी अलर्ट मोड पर है और देश के कई राज्यों में और छापेमारी की जा रही है ताकि फरार सदस्यों को भी पकड़ा जा सके।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.