"सॉरी मम्मी-पापा, हम गेम नहीं छोड़ पाएंगे।" - Korean Lover Game खेलने के चलते तीन नाबालिग बहनों ने एक साथ किया सुसाइड

Ghaziabad 3 Sisters Suicide over Korean Lover Game: कुछ साल पहले कई बच्चों की मौत की वजह बनने वाले ब्लू व्हेल जैसा ही एक गेम फिर से आ गया है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में तीन नाबालिग बहनों ने ऐसे ही एक कोरियन मोबाइल गेम की लत के चलते एक साथ आत्महत्या कर ली। तीनों बच्चियों की उम्र 12, 14 और 16 साल थी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे गाजियाबाद की भारत सिटी सोसाइटी में हुई। जो गेम बच्चियां खेल रही थी, वो ब्लू व्हेल (Blue Whale) के जैसा ही एक टास्क बेस्ड कोरियन गेम है। जब माता पिता ने उन्हें गेम खेलने से मना किया, तो बच्चियों ने एक सुसाइड नोट लिखकर बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटनास्थल पर ही तीनों की मौत हो गई। (blue whale like game)
मृतक बहनों की पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों ही नाबालिग और सगी बहनें थीं। उनके पिता चेतन शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं और परिवार सोसाइटी में रहता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तीनों बहनों को लंबे समय से मोबाइल पर एक टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम (जिसे कोरियन लव गेम भी कहा जा रहा है) खेलने की आदत लग गई थीं। इस गेम की वजह से उन्होंने अपनी पढ़ाई भी छोड़ दी थी। तीनों पिछले दो सालों से स्कूल नहीं जा रही थी और दिन भर यही कोरियन लवर गेम खेलती रहती थी। ये गेम उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया था। तीनों गेम में इस कदर डूब गयी थी, कि वे अपना हर काम एक साथ करती थीं। तीनों नहाने और वॉशरूम भी एक साथ ही जाती थीं। बड़ी बहन गेम से मिलने वाले टास्क देखती थी, और बाकी दो उसकी हर बात मानकर टास्क को पूरा करते। (Game Addiction)
बच्चियों के माता पिता ने उन्हें कई बार गेम खेलने से मना किया और डांट भी लगाई, लेकिन वे नहीं मानीं। पिता के अनुसार, तीनों बच्चियों ने गेम में आखिरी टास्क पूरा करने के चक्कर में ये कदम उठाया। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें बहनों ने मम्मी-पापा से माफी मांगी और लिखा है, "सॉरी मम्मी-पापा, हम गेम नहीं छोड़ पाएंगे। अब आपको एहसास होगा कि हम गेम से कितना प्यार करते थे, जिसको आप छुड़वाना चाहते थे।" कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, सुसाइड नोट में कोरियन चीज़ों और गेम से लगाव का भी जिक्र है।
पुलिस के अनुसार, तीनों ने कमरे को अंदर से बंद करके बालकनी में स्टूल रखकर एक-एक कर छलांग लगाई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। जांच में कोरियन लवर गेम और उसके टास्क की गहराई से पड़ताल हो रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की ऑनलाइन गेम्स की लत बच्चों में मानसिक तनाव बढ़ाती है, जिसके कई बार गंभीर परिणाम भी सामने आते हैं। पहले भी ऑनलाइन गेम्स खेलने के चलते बच्चों के सुसाइड करने, खुद को नुकसान पहुँचाने और बैंक से पैसे निकालकर गेम में लगाने की कई ख़बरें सामने आती रही हैं।
यह घटना ऑनलाइन गेमिंग की लत और बच्चों की निगरानी की जरूरत पर फिर से सवाल खड़े कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच जारी रखे हुए है और आगे की जानकारी का इंतजार है।
ऐसी घटनाओं से सँभलने के लिए माता-पिता अपने बच्चों को फ़ोन नहीं दें। अगर बच्चे फ़ोन का इस्तेमाल करते भी हैं, तो उसपर पूरी निगरानी रखें।
अगर आपके या आपके आसपास किसी के भी मन में आत्महत्या जैसे ख्याल आते हैं, तो उन्हें नज़रंदाज़ नहीं करें। अगर ऐसा कोई दिखे, तो तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330, सुसाइड प्रिवेंशन हेल्पलाइन नंबर 9152987821 या टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर कॉल करें और सलाह लें। ये प्लेटफ़ॉर्म आपकी पहचान को गुप्त रखकर स्थिति से उबरने के लिए ज़रूरी परामर्श देंगे।
इस लिंक को शेयर करें