भारतीय रेलवे ने की किराये में वृद्धि: 26 दिसंबर से लंबी दूरी की यात्रा महंगी, 215 किमी से अधिक पर 1-2 पैसे प्रति किमी किराया बढ़ा

Indian Railways Fare Hike 2025: भारतीय रेलवे ने लम्बी दूरी की यात्रा के किराये की दरों में वृद्धि करने की घोषणा की है। ये नयी दरें 26 दिसंबर 2025 से पूरे देश में प्रभावी हो जाएगी। यह बदलाव मुख्य रूप से 215 किलोमीटर से अधिक की यात्राओं पर लागू होगा, जबकि छोटी दूरी के यात्रियों और सबअर्बन सेवाओं को फ़िलहाल इसमें नहीं लिया गया है।
(Train Ticket Price Increase) रेल मंत्रालय के अनुसार, साधारण श्रेणी में 215 किमी से ज्यादा की दूरी पर प्रति किलोमीटर 1 पैसा की बढ़ोतरी होगी। वहीं, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी श्रेणी और सभी ट्रेनों की एसी श्रेणियों में प्रति किलोमीटर 2 पैसे अतिरिक्त लगेंगे। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई यात्री 500 किलोमीटर की दूरी नॉन-एसी कोच में तय करता है, तो पहले 215 किमी पर कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन बाकी 285 किमी पर 2 पैसे प्रति किमी की दर से करीब 5-10 रुपये अतिरिक्त देने पड़ सकते हैं।
यह वृद्धि लोकल ट्रेनों, मंथली सीजन टिकट (एमएसटी) और 215 किमी तक की साधारण यात्राओं पर लागू नहीं होगी। रेलवे का कहना है कि इससे कम आय वाले और मध्यम वर्ग के दैनिक यात्रियों पर कोई बोझ नहीं पड़ेगा। इस कदम से चालू वित्त वर्ष में रेलवे को लगभग 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होने की उम्मीद है। इससे पहले जुलाई 2025 में हुई किराया समायोजन से भी करीब 700 करोड़ रुपये का राजस्व मिल चुका है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, किराया वृद्धि की मुख्य वजह है ट्रेनों के बढ़ते ऑपरेशन खर्च। बीते कुछ सालों में रेल नेटवर्क का काफी विस्तार हुआ है, कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है और पेंशन सहित अन्य खर्चों में इज़ाफ़ा हुआ है। यह अतिरिक्त राजस्व रेलवे की सुरक्षा, नई ट्रेनें, स्टेशन को बेहतर करने और अन्य सेवाओं पर खर्च किया जाएगा। रेलवे त्योहारों में स्पेशल ट्रेनें चलाकर यात्रियों की सुविधा बढ़ा रहा है।
क्रिसमस और न्यू ईयर के मद्देनजर रेलवे ने कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने की भी घोषणा की है, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। कुल मिलाकर, यह बदलाव रेलवे की वित्तीय मजबूती और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक कदम है। ज्यादा जानकारी के लिए यात्री आईआरसीटीसी ऐप या वेबसाइट से संशोधित किराये के बारे में पता कर सकते हैं।
इस लिंक को शेयर करें

