अमेरिका ने मान लिया भारत का नक्शा! अपने नक़्शे में जम्मू-कश्मीर, PoK और अक्साई चिन को दिखाया भारत का हिस्सा

America released Map of India with Jammu, PoK and Aksai Chin: अमेरिका ने भारत का एक ऐसा नक्शा जारी किया है, जिसमें उसने जम्मू और अक्साई चिन को भारत का हिस्सा दिखाया है। भारत और अमेरिका के बीच संबंधों में अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ने 6 फरवरी को अंतरिम व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क का ऐलान किया था। इसी घोषणा के साथ अमेरिका ने एक खास नक्शा भी जारी किया, जिसमें पूरा जम्मू-कश्मीर क्षेत्र, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और अक्साई चिन को भारत का अंग बताया गया है।
यह नक्शा USTR के ऑफिशियल X हैंडल पर शेयर किया गया, जहां ट्रेड डील की जानकारी दी गई थी। इसमें लद्दाख के उत्तर-पूर्वी हिस्से में अक्साई चिन को भी जम्मू-कश्मीर और PoK के साथ भारत के अंतर्गत दिखाया गया है, जिस पर चीन अपना दावा करता है। यह नक्शा वैसा ही है, जैसा भारत लंबे समय से बताता आ रहा है।
दरअसल, इससे पहले तक अमेरिका ने कभी भी जम्मू और PoK को भारत का हिस्सा नहीं माना था। अमेरिका हमेशा से ही इन क्षेत्रों को विवादित क्षेत्र (Disputed Terretory) बताता आया है। अपने हर नक़्शे में भी अमेरिका जम्मू और PoK को भारत से अलग क्षेत्र बताता था और इसे डॉटेड लाइन से दर्शाता था। लेकिन अब अमेरिका ने भारत के सही नक़्शे को अपना लिया है।
इस ट्रेड डील के तहत अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया है, जो एशिया में सबसे कम है। इससे भारतीय निर्यातकों, खासकर स्टील, एल्युमिनियम, फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल और ऑटो-पार्ट्स क्षेत्रों को बड़ी राहत मिली है। समझौते में अमेरिका के ट्री नट्स, फल, अनाज आदि प्रोडक्ट्स के लिए भारत में बाज़ार में पहुँच बढ़ाने से जुडी चीज़ें भी शामिल है।
नक़्शे के जारी होते ही सोशल मीडिया पर इसको लेकर जमकर रिएक्शन्स आने लग गए। कई यूजर्स ने इसे पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका बताया और कहा कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख की अमेरिका की यात्राएं करने का कोई असर नहीं हुआ। इसे भारत-अमेरिका के मजबूत होते रिश्तों का संकेत भी माना गया, जिसमें बिज़नेस के साथ-साथ कूटनीतिक स्तर पर भी भारत का पक्ष मजबूत हो रहा है।
भारत हमेशा से ही इन क्षेत्रों को अपना हिस्सा बताता आया है और कहता आया है कि जम्मू-कश्मीर भारत का ही एक हिस्सा है, और इसके लिए किसी बाहरी देश से मंज़ूरी लेने की ज़रुरत नहीं है। अब अमेरिका का भी ये नक्शा जारी करना पाकिस्तान के लिए एक बड़ा राजनैतिक और कूटनीतिक झटका है। हालांकि, फ़िलहाल तक अमेरिका की तरफ से इस नक्शे पर कोई साफ़ प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह कदम संकेत दे रहा है कि भारत की संप्रभुता को समर्थन मिल रहा है।
इस लिंक को शेयर करें