“दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ा देंगे: 16 IED बम, दोपहर 1:40 बजे होंगे ब्लास्ट” स्पीकर को मेल से दी धमकी

Delhi Vidhansabha Bomb Blast Threat: दिल्ली विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के बीच बुधवार को लगातार दूसरी बार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के ओएसडी को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें दावा किया था कि विधानसभा परिसर में 16 IED बम छिपाए गए हैं, जिनमें आरडीएक्स भरा हुआ है। ये बम दोपहर ठीक 1:40 बजे ब्लास्ट होंगे। भेजने वाले ने खुद को कोयंबटूर का निवासी बताया और कुछ राजनीतिक वजहों से नाराजगी के चलते हमले की धमकी दी।
वर्तमान में दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। इसी दौरान बुधवार की अलसुबह आई धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा दिया। मेल से मिली धमकी में कहा कि विधानसभा में RDX वाले 16 बम हैं।
इस तरह की धमकी की यह दूसरी घटना है। मंगलवार को भी विधानसभा को ऐसे ही धमकी भरे दो ईमेल मिले थे। पहला सुबह 7:28 बजे ऑफिशियल मेल आईडी पर और दूसरा 7:49 बजे स्पीकर गुप्ता के पर्सनल ईमेल पर भेजा गया था। उसमें विधानसभा के साथ-साथ पास की मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात कही थी। बाद में पुलिस ने जाँच कर उस धमकी को फर्जी करार दे दिया था।
पुलिस ने कहा, “पिछली धमकी की तरह इस बार भी हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।” फिलहाल तक किसी भी तरह की कोई घटना नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं और साइबर सेल धमकी वाले मेल की जांच कर रही है।
इस लिंक को शेयर करें

