अलवर टाइगर इंटरनेशनल हाफ मैराथन 2026: CM भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी, रणदीप हुड्डा रहे ब्रांड एंबेसडर - फिट इंडिया और टाइगर संरक्षण का संदेश!

Alwar Tiger International Half Marathon 2026: राजस्थान में रविवार 8 मार्च को अलवर सांसद खेल उत्सव के अंतर्गत 'अलवर टाइगर इंटरनेशनल हाफ मैराथन 2026' का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में प्रताप ऑडिटोरियम से शुरू हुई इस मैराथन ने फिट इंडिया का संदेश दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मैराथन के ब्रांड एंबेसडर बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के साथ ही, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कई अलग अलग कैटेगरी में हुई मैराथनों को फ्लैग ऑफ किया।
सुबह साढ़े छह बजे शुरू हुई दौड़ में हजारों प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें 21 किमी हाफ मैराथन (एलीट पुरुष-महिला), 21 किमी फोर्स रन, 21 किमी ओपन हाफ मैराथन और 10 किमी ओपन मैराथन श्रेणी में मैराथन हुई। मैराथन में 8 देशों से आए सैकड़ों विदेशी रनर्स के अलावा भारतीय सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने भी मैराथन में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने फिनिश लाइन पर पहुंचकर विजेताओं का उत्साह बढाया और इसी दौरान पद्म श्री विजेता और भपंग वादक गफरूद्दीन मेवाती जोगी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं और मैराथन रनर्स के साथ सेल्फी भी ली और मैराथन में भाग लेने वालों पर हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए। हल्की सर्दी के बावजूद भी शहरवासियों और युवाओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
यह मैराथन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'फिट इंडिया' अभियान से जुड़ी हुई है। साथ ही, मैराथन को टाइगर संरक्षण और अलवर के पर्यटन को बढ़ावा देने की थीम पर आयोजित किया गया। मैराथन के रास्ते सरकार ने अलवर के टूरिज्म, ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लाने की कोशिश की है।
इनके अलावा भी कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी इस मैराथन के माध्यम से फिटनेस, एकता और पर्यावरण जागरूकता का सन्देश दिया।
इस लिंक को शेयर करें