आधी रात को भजनलाल सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, राहुल प्रकाश समेत 21 IPS अधिकारियों के तबादले

राजस्थान सरकार ने सोमवार देर रात पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। कार्मिक विभाग ने 21 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। ये बदलाव जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा रेंज तक साफ दिखाई दे रहा है। इन नए आदेशों में कई बड़े और अहम पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि कई अधिकारियों को प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जयपुर–जोधपुर के टॉप पदों में बदलाव
सरकार ने जोधपुर के पुलिस कमिश्नर और जयपुर के स्पेशल पुलिस कमिश्नर को बदलते हुए दोनों शहरों की पुलिस नेतृत्व संरचना में बड़ा फेरबदल किया है। शरत कविराज को SOG IG से प्रमोट कर जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं ओमप्रकाश को जोधपुर से ट्रांसफर कर जयपुर का स्पेशल पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा राहुल प्रकाश को जयपुर के स्पेशल C.P. पद से हटाकर जयपुर रेंज का IG बनाया गया है।
21 IPS अफसरों के तबादले। जोधपुर के पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश-1 अब जयपुर के स्पेशल कमिश्नर, शरत कविराज जोधपुर पुलिस कमिश्नर, राहुल प्रकाश जयपुर रेंज आईजी होंगे। जयपुर, जोधपुर, कोटा और बीकानेर रेंज आईजी बदले pic.twitter.com/p0jXcvroTq
— Bharat Raftar TV (@BharatRaftarTV) February 23, 2026
जोधपुर और बीकानेर रेंज में नई तैनाती
सत्येंद्र सिंह को IG CID (CB) से IG जोधपुर रेंज का प्रभार दिया गया। वहीं ओम प्रकाश-2 को पुलिस आर्म्ड बटालियन से IG बीकानेर रेंज बनाया गया। बीकानेर के वर्तमान IG हेमंत कुमार शर्मा को IG SCRB जयपुर की जिम्मेदारी मिली। अजय पाल लांबा को IG SCRB से बदलकर IG SOG जयपुर नियुक्त किया गया। इसके अलावा ADG स्तर पर भी कई बड़े बदलाव किए गए हैं। हवा सिंह घुमरिया को ADG क्राइम ब्रांच से ADG मुख्यालय भेजा गया। विपिन कुमार पांडे को ADG भर्ती-पदोन्नति बोर्ड से ADG क्राइम ब्रांच राजस्थान बनाया गया। प्रफुल्ल कुमार को IG इंटेलीजेंस से प्रमोट कर ADG इंटेलीजेंस की जिम्मेदारी दी गई। राघवेंद्र सुवासा को जयपुर रेंज के IG पद से प्रमोशन के बाद ADG ट्रेनिंग बनाया गया।
इनका भी हुआ ट्रांसफर
राजेश मीणा को IG जोधपुर रेंज से IG होमगार्ड जयपुर शिफ्ट किया गया। एस परिमल को IG ACB नियुक्त किया गया। विकास कुमार से ATS का अतिरिक्त प्रभार वापस लेकर उन्हें केवल IG ANTF रखा गया। वहीं सत्येंद्र कुमार को IG SCRB से हटाकर CEO – राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसपोर्टेशन एंड इनोवेशन नियुक्त किया गया है। प्रीति चंद्र को IG लॉ एंड ऑर्डर प्रशासन जयपुर बनाया गया। हरेंद्र कुमार महावर को आईजी CID CB जयपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा राहुल कोटकी (DIG JDA) को IG कार्मिक मुख्यालय भेजा गया। राजेश सिंह को IG ATS जयपुर नियुक्त किया गया। कालूराम रावत को IG सिविल राइट्स एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग बनाया गया है। कहा जा रहा है कि सरकार का किया गया ये व्यापक फेरबदल आने वाले समय में प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की दिशा तय करेगा।
इस लिंक को शेयर करें

