सदन में कमजोर पड़ रही बीजेपी? CM ने अपने मंत्रियों को लगाई कड़ी फटकार

सदन में कमजोर पड़ रही बीजेपी? CM ने अपने मंत्रियों को लगाई कड़ी फटकार
राजस्थान
25 Feb 2026, 11:22 am
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Rajasthan Vidhansabha: अब सदन में सत्ता पक्ष की ढिलाई नहीं चलेगी और जवाब भी अब जोरदार तरीक से दिया जाएगा। यही सख्त संदेश दिया है राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने मंत्रियों को दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीते मंगलवार को विधानसभा में अपने विधायक दल की बैठक ली। इस बैठक में डिप्टी सीएम दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद थे। साथ ही सभी मंत्री-विधायक भी। मुख्यमंत्री ने इस मीटिंग में अपने मंत्रियों की क्लास लगा दी। उन्होंने सदन में मंत्रियों के ढुल-मुल रवैए पर कड़ी नाराजगी जताई है।

मंत्रियों से क्या बोले सीएम भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री की इस बैठक में बजट सत्र के दौरान मंत्रियों के प्रदर्शन, सवालों के जवाब की तैयारी और विपक्ष के हमलों से निपटने की रणनीति पर लंबी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री सदन में विधायकों और मंत्रियों की गैर-मौजूदगी पर भी खासे नाराज दिखाई दिए। उन्होंने साफ कहा कि सदन में आधी-अधूरी तैयारी के साथ पहुंचना सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाता है। पिछले कुछ दिनों में प्रश्नकाल के दौरान कुछ मंत्री पूरी तैयारी के बिना पहुंचे, जिससे विपक्ष को हमला करने का मौका मिल गया।

सीएम ने अपने मंत्रियों को दो टूक कहा कि अब सदन में आक्रामक और आत्मविश्वास के साथ जवाब देना होगा और हर सवाल का जवाब तथ्यों और आंकड़ों के साथ देना होगा। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर सामंजस्य बिठाने और तैयारी मजबूत करने को भी कहा। उन्होंने बैठक में ही मंत्रियों और विधायकों के सदन से नदारद रहने पर फटकार भी लगाई। उन्होंने साफ कहा कि बजट सत्र सरकार के लिए बेहद अहम होता है और इस दौरान सभी विधायकों की सक्रिय मौजूदगी जरूरी है।

जो विधायक नियमित मौजूद उनकी हुई तारीफ

वहीं सदन में जो विधायक रोज मौजूद रहते हैं, मुख्यमंत्री ने उनका नाम लेकर उनकी तारीफ की और उनके लिए तालियां भी बजवाई। जिसमें अर्जुन लाल जीनगर, श्रीचंद कृपलानी, सुभाष मील, जोगेश्वर गर्ग, संजीव बेनीवाल जैसे विधायक शामिल हैं। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस समय कांग्रेस खुद अंदरूनी खींचतान से गुजर रही है, जबकि प्रदेश में माहौल भाजपा सरकार के पक्ष में है। मुख्यमंत्री का दावा है कि सरकार ने दो साल में हर विभाग में काम किया है और विकास की रफ्तार तेज हुई है। आखिरी में मुख्यमंत्री ने विधायक दल को साफ संदेश दिया—बजट सत्र में कोई ढिलाई नहीं चलेगी। सभी सदस्य नियमित रूप से सदन में आएं, पूरी तैयारी के साथ आएं और सरकार की उपलब्धियों को मजबूती से जनता और सदन के सामने रखें। यानी साफ है, इस बार बजट सत्र में सरकार की रणनीति भी सख्त है और संदेश भी—तैयारी पूरी, जवाब मजबूत और विपक्ष को करारा जवाब।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.