नोएडा के बाद भिवाड़ी में भी हड़ताल! सैकड़ों मजदूर सड़क पर, जाम लगाकर रखी मांगें

Bhiwadi Workers Protest: नोएडा में कंपनी के कर्मचारियों का आंदोलन ज़ोर पकड़ने के बाद अब ऐसी ही कुछ मिलती जुलती तस्वीरें राजस्थान के भिवाड़ी से आ रही है। चौपांकी इंडस्ट्रियल एरिया की सुप्राजीत इंजीनियरिंग लिमिटेड के सैकड़ों मजदूरों ने सोमवार सुबह अचानक काम छोड़ दिया और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मजदूरों की मांग है कि उनकी पगार बढाई जाए। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिसके बाद पुलिस को ज़ोर लगाकर उन्हें हटाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सुबह काम शुरू होते ही मजदूरों ने कंपनी में धरना देना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में मजदूर सड़क पर पहुंच गए और पूरा ट्रैफिक जाम कर दिया। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल थीं। जब स्थिति बिगड़ने लगी, तो भिवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन जब मजदूर नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग कर उन्हें सड़क से हटाया। इन सब में कुछ मजदूरों को हिरासत में भी लिया गया, हालांकि पुलिस ने बताया कि उन्हें जल्द ही छोड़ दिया जाएगा।
भिवाड़ी पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती कर दी है। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे मजदूरों के प्रमुख से कंपनी मैनेजमेंट लगातार बातचीत कर रहा है। बातचीत चल रही है और उम्मीद है कि जल्द ही उनकी मांगों का समाधान निकल आएगा।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस पूरे इलाके में सतर्कता बरत रही है।
इस लिंक को शेयर करें

