बीजेपी स्थापना दिवस पर क्या बोलीं वसुंधरा राजे, CM भजनलाल शर्मा ने दिया बयान

BJP Foundation day 2026: भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। पूरे देश में बीजेपी इसका जश्न मना रही है। जयपुर के प्रदेश कार्यालय में भी खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यालय पर पहुंचकर बीजेपी का ध्वजारोहण किया और पार्टी को और मजबूत करने उसे आगे बढ़ाने और जनता का विश्वास कायम रखने का संकल्प लिया।
बीजेपी कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल ने फहराया ध्वज
इस मौके पर भजनलाल शर्मा ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं! अंत्योदय के प्रण और 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ती भाजपा आज करोड़ों देशवासियों की आशा और अटूट विश्वास का प्रतीक है।भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी का ध्वज फहराया। यह गौरवशाली अवसर राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्पों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करने का प्रतीक है। 47 वर्ष पूर्व प्रारंभ हुई इस यात्रा में कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, अनुशासन एवं सांगठनिक निष्ठा ने ही भाजपा को आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाया है। भाजपा के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!”
मदन राठौड़ भी ध्वजारोहण में मौजूद
वहीं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी के साथ पार्टी का ध्वज फहराकर सभी सम्मानित कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं प्रेषित की। यह गौरवपूर्ण क्षण राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं अंत्योदय के हमारे संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने वाला है। इस गौरवशाली यात्रा में कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, अनुशासन एवं संगठन के प्रति अटूट निष्ठा ने भारतीय जनता पार्टी को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाया है। आइए, हम सभी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र के साथ एक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लें।“
स्थापना दिवस पर क्या बोलीं वसुंधरा राजे?
बीजेपी के स्थापना दिवस पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी X पर पोस्ट किया कि “भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर समस्त देशवासियों और कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएँ। यह दिन उन लाखों निष्ठावान कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्रसेवा की वेदी पर अर्पित कर दिया, बिना किसी अपेक्षा के, बिना किसी स्वार्थ के। हम कृतज्ञता से स्मरण करते हैं उन महान विभूतियों को, जिनके त्याग और तपस्या से इस संगठन की नींव रखी गई।“
राजे ने कहा कि “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, जिनके अंत्योदय के दर्शन ने समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास का अधिकार दिलाया। राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी, नानाजी देशमुख जी, कुशाभाऊ ठाकरे जी, अटल बिहारी वाजपेयी जी, लालकृष्ण आडवाणी जी और अनगिनत तपस्वी नेता, जिन्होंने संघर्ष और समर्पण से इस संगठन को वटवृक्ष की भाँति खड़ा किया। उनकी विरासत केवल इतिहास नहीं, यह हमारा दायित्व है। आज का यह पावन दिन हमें उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है। उनका जीवन हमें स्मरण कराता है कि राष्ट्रसेवा ही सर्वोच्च साधना है, समाज के हर वर्ग का उत्थान ही सच्ची राजनीति है और भारत को वैश्विक शिखर तक पहुँचाना ही हमारा संकल्प है।“
इस लिंक को शेयर करें

