केंद्रीय बजट 2026 युवा भारत का ब्लूप्रिंट! कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ बोले - सेमीकंडक्टर से AVGC तक आत्मनिर्भरता की नई उड़ान

Colonel Rajyavardhan Rathore on Union Budget 2026: राजस्थान सरकार के उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने अपनी करौली और दौसा की यात्रा के दौरान केंद्रीय बजट 2026 को युवा भारत के भविष्य का ब्लूप्रिंट और विकसित भारत की मजबूत नींव कहा। उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्पष्ट रोडमैप है।
करौली और दौसा जिले की यात्रा के दौरान उद्योग मंत्री ने दौसा कलेक्ट्रेट में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद से देश में जो बदलाव आया है, वह अब साफ दिखाई और महसूस किया जा रहा है। बजट 2026 इसी निरंतरता की अगली कड़ी है, जो युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित है।
कर्नल राठौड़ ने जोर दिया कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, इसलिए टेक्नोलॉजी का विकास भी यहीं होना चाहिए। उन्होंने बजट में लॉन्च किए गए इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 का जिक्र करते हुए कहा कि अब चिप निर्माण, कच्चा माल, प्रोसेसिंग, आईपी डिजाइन और बौद्धिक संपदा तक, सब कुछ भारत में विकसित होगा। इससे तकनीकी क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और विदेशी निर्भरता कम होगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर बात करते हुए मंत्री ने बताया कि 2026 में इस क्षेत्र पर 12.2 लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा, जो 2014 के 2 लाख करोड़ से कहीं अधिक है। इस निवेश से रेल, सड़क, फाइबर ऑप्टिक और डिजिटल कनेक्टिविटी को गांव-गांव तक पहुँचाया जायेगा। इससे किसानों को अपनी उपज तेजी से बाजार तक पहुंचाने, छात्रों को शिक्षा से जुड़ने और ग्रामीण युवाओं-महिलाओं को वाई-फाई से जुड़ने का लाभ मिलेगा।
युवाओं की स्किल्स पर फोकस करते हुए उन्होंने कहा कि Gen-Z को क्रिएटिव कंटेंट से जोड़ने के लिए AVGC यानि एनीमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग और कॉमिक्स के सेक्टर में नए अवसर खोले गए हैं। देशभर में 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएशन लैब्स स्थापित होंगी। इससे युवा फ्रीलांसिंग, स्टार्टअप और घर बैठे वैश्विक कंपनियों के लिए काम कर सकेंगे। राजस्थान सरकार ने भी हाल ही में AVGC पॉलिसी लागू की है।
महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए कई राहतों का जिक्र करते हुए उन्होंने मोटर एक्सीडेंट क्लेम में इंश्योरेंस टैक्स हटाने, विदेश यात्रा पर टीसीएस को 5-20% से घटाकर 2% करने जैसे फैसलों का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुधारों के तहत आम आदमी को जीरो बैलेंस अकाउंट से जोड़ा गया है और नई बैंकिंग कमेटी गठित होगी।
इसके साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र में एलोपैथी के साथ आयुर्वेद को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बजट में तीन नए आयुर्वेद AIIMS की घोषणा हुई है, जहां एविडेंस-बेस्ड रिसर्च होगी। जामनगर के WHO ग्लोबल ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर को अपग्रेड किया जाएगा। फार्मा इंडस्ट्री को बढ़ावा देकर दवाएं सस्ती और स्वदेशी बनाई जाएंगी।
शिक्षा और उच्च शिक्षा में पांच इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के पास पांच यूनिवर्सिटी टाउनशिप बनेंगी। STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स) पर फोकस रहेगा। हर जिले में लड़कियों के लिए एक हॉस्टल बनेगा।
ग्रीन एनर्जी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि नए बजट के तहत एथेनॉल ब्लेंडिंग, कम्प्रेस्ड बायोगैस और सीएनजी को बढ़ावा दिया जाएगा। फसल से निकले कचरे से बायोगैस उत्पादन से किसानों की आय बढ़ेगी और प्रदूषण कम होगा।
करौली में संवाददाताओं से बातचीत में कर्नल राठौड़ ने कहा कि राजस्थान से देश का लगभग एक-तिहाई फ्रेट कॉरिडोर गुजरता है, जिसका राज्य को सीधा लाभ मिलेगा। जहां रेल नहीं है, वहां सड़क नेटवर्क मजबूत होगा। इससे लॉजिस्टिक्स, इंडस्ट्री और रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि बजट 2026 विकास के साथ-साथ सस्टेनेबल और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रख रहा है।
इस लिंक को शेयर करें