'मैं 10वीं में हूं और आगे पढ़ना चाहती हूं....', बूंदी में शादी रुकवाने कलक्ट्रेट पहुंची किशोरी, जानें पूरा मामला

बूंदी जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 10वीं की एक छात्रा ने एडीएम से गुहार लगाई है कि वे उसकी शादी रूकवा दें। उसने एडीएम को बताया कि उसके परिजनों ने 20 अप्रैल को विवाह तय कर दिया है। इसके लिए उन्होंने लड़के वालों से 4 लाख रुपये भी लिए हैं। वह शादी नहीं करना चाहती है क्योंकि अभी वह 10वीं क्लास में अध्ययनरत है और शादी के डर से घर नहीं जाना चाह रही है। किशोरी की गुहार के बाद प्रशासन हरकत में आया और चाइल्ड लाइन विभाग की टीम उसके घर पहुंच गई। वहीं उधर किशोरी को बाल कल्याण समिति के अधीन आश्रय गृह में भेज दिया गया है। बता दें कि किशोरी के जागरूक होने और खुद का विवाह रुकवाने का यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले जिले के तालेड़ा कस्बे से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था।
वहीं इस पूरे मामले पर अब बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पौद्दार का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि प्रकरण में 20 अप्रैल से पहले निषेधाज्ञा आदेश जारी कराने की कार्यवाही की जाएगी। ताकि फिर से बाल विवाह कराने का प्रयास न हो। इसके साथ ही परिवार जनों से समझाइश की जाएगी ताकि किशोरी को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य मिल सके।
बता दें कि किशोरी को अब बाल कल्याण विभाग के हाॅस्टल में निगरानी में रखा गया है। लड़की को घर से अलग कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार किशोरी ने बताया कि उसे अपनी शादी के बारे में तब पता चला जब घर में उसकी शादी की चर्चा होने लगी थी। ऐसे में किशोरी शनिवार सुबह कलक्ट्रेट पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।
इस लिंक को शेयर करें

