लाल बत्ती पर रुका CM भजनलाल का काफिला, देखते रह गए जयपुरवासी

Jaipur: जयपुर के व्यस्त राजमहल चौराहे पर शनिवार दोपहर एक अनोखा नजारा देखने को मिला। जब राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपना पूरा काफिला लालबत्ती पर रुकवा दिया। आमतौर पर VVIP काफिलों के लिए ‘ग्रीन कॉरिडोर’ तैयार किया जाता है, लेकिन CM भजनलाल शर्मा ने ट्रैफिक नियमों को प्राथमिकता देकर सबको चौंका दिया।
मुख्यमंत्री ने लाल बत्ती पर दिया निर्देश
दरअसल मुख्यमंत्री एक आधिकारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। जैसे ही काफिला राजमहल चौराहे के पास पहुँचा, सिग्नल लाल हो गया। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने तुरंत रास्ता साफ करने की कोशिश की, लेकिन मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि लालबत्ती हरी होने तक गाड़ी न बढ़ाई जाए। इस दौरान आसपास के वाहन चालक और राहगीर सीएम की गाड़ी को सामान्य ट्रैफिक के साथ खड़ा देखकर हैरान रह गए।
सिग्नल पर एक मिनट तक खड़ा रहा काफिला
करीब एक मिनट तक सीएम शर्मा अपनी गाड़ी में बैठे रहे और सिग्नल हरा होने के बाद ही आगे बढ़े। उनके इस कदम ने सुरक्षा प्रोटोकॉल और वीवीआईपी कल्चर के ऊपर अनुशासन और नियमों के सम्मान को तरजीह देने का मजबूत संदेश दिया है।
जयपुर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था के बीच मुख्यमंत्री का यह व्यवहार लोगों के लिए प्रेरणा बना है। उनका संदेश साफ है—“नियम सबके लिए समान हैं, चाहे आम नागरिक हों या मुख्यमंत्री।” यातायात विशेषज्ञों का मानना है कि अगर आम लोग भी इसी जिम्मेदारी के साथ ट्रैफिक नियमों का पालन करें, तो शहर में जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
इस लिंक को शेयर करें