Sikar: LPG गैस किल्लत के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट के सामने जलाया चूल्हा

LPG Shortage in Rajasthan: राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में LPG गैस की किल्लत से लोग दो-चार हो रहे हैं। इसे लेकर कांग्रेस समेत विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है। राजस्थान में कांग्रेस जगह-जगह अब प्रदर्शन पर उतर आई है। सीकर में भी कांग्रेस ने सरकार के रवैए के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के सामने चूल्हा जलाया और उस पर रोटी सेकी। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
LPG की किल्लत को लेकर बीते दिनों विधानसभा में कांग्रेस ने भारी हंगामा मचाया था। टीकाराम जूली और गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार पर आरोप मढ़ते हुए कहा कि जनता इतनी परेशानी में है इससे जनता को बाहर निकालने के लिए क्या कर रही है? क्या सरकार जनता को सब्सिडी देकर इसका कुछ इलाज नहीं कर सकती?
12 मार्च से शुरू कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस ने फिर इसके बाद ऐलान किया था कि 12 मार्च से वो प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी जब तक LPG की किल्लत को लेकर कोई स्थाई समाधान सरकार नहीं करती।
इसी क्रम में सीकर में ये प्रदर्शन हुआ। यहां जिला कलेक्ट्रेट के सामने जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुनीता गठाला और निवर्तमान सभापति जीवण खां के साथ कई कार्यकर्ता पहुंचे। उन्होंने अपने साथ खाली सिलेंडर ले रखे थे। कलेक्ट्रेट के मेन डोर के सामने ही गठाला ने चूल्हा बनाकर जला दिया और फिर रोटियां सेकीं। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
भजनलाल सरकार एक्शन में
प्रदेश में इतने खराब हालातों को देखते हुए अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक्शन में आ चुके हैं। बीते बुधवार को उन्होंने हाईलेवल मीटिंग की और गैस एजेंसियों पर सख्ती का आदेश दिया है। उन्होंने खाद्य विभाग की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उन्होंने हर जिले में टास्क फोर्स गठित करने को कहा है। साथ ही इसकी मॉनिटरिंग टाइट रखने के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ मैसेज दिया कि घरेलू सिलेंडर की कमी नहीं होने देंगे।
इस लिंक को शेयर करें

