प्रेम प्रसंग में लड़की भगाने की रंजिश इतनी बढ़ी, लड़के के पिता का गला काटकर हत्या! शव सड़क किनारे फेंका

Deeg Love Marriage Revenge Killing: भाग कर शादी करने की रंजिश कितना खूनी रूप ले सकती है, इसका कोई अंदाज़ा नहीं। राजस्थान के डीग जिले से ऐसा ही प्रेम संबंध का एक मामला सामने आया है, जहाँ लड़की को भगाने की रंजिश में लड़के के पिता की गला काटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने मृतक को पंचायत के बहाने बुलाया और राजीनामे के बाद उसकी हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह कामां थाना क्षेत्र के सोमका गांव के पास सड़क किनारे एक शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जम्मू के कठुआ जिले के कोटी चडियार निवासी मोहम्मद अब्दुल्ला खान के रूप में हुई। पहाड़ी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
मृतक के भाई नजीर अहमद खान ने पहाड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मृतक के बेटे हयात खान ने कुछ दिनों पहले पहाड़ी क्षेत्र के एक गांव की लड़की को भगा लिया था। पुलिस ने 25 दिन बाद लड़की को ढूंढ लिया था, लेकिन विवाद शुरू हो चुका था। दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया, लेकिन मन में नफरत ख़त्म नहीं हुई थी।
पंचायत के बाद रात करीब 9 बजे लड़की के परिवारवालों ने मोहम्मद अब्दुल्ला खान और उनके साथियों को खाना खिलाने के बहाने अपने गांव बुलाया और पड़ोस के घर में ठहराया। कुछ देर बाद लड़की के परिजन जबरन अब्दुल्ला को बाहर ले गए और गाड़ी में बिठा लिया। अब्दुल्ला के भाई और साथियों के पूछने पर कहा कि उनकी तबियत ख़राब हो गयी है, इसलिए अस्पताल ले जा रहे हैं। लेकिन अगली सुबह अब्दुल्ला के मारने की खबर मिली।
पुलिस ने लड़की के पिता समेत 7 लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
इस लिंक को शेयर करें

