वैष्णो देवी दर्शन से लौट रही कार में लगी आग, 5 व्यक्ति कंकाल बने: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा

Delhi Mumbai Expressway accident: अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वैष्णो देवी दर्शन से लौट रही एक परिवार की कार में अचानक आग लग गयी और कार में मौजूद पाँच लोग जिंदा जल गए। आग इतनी भयानक थी कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिला और पांचों के शव जलकर कंकाल में बदल गए। हादसे के बाद जली हुई हड्डियों को पोटलियों में समेटना पड़ा। ड्राईवर ने बाहर कूद कर अपनी जान बचाई, लेकिन वो भी 80 प्रतिशत झुलस गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार देर रात करीब 11 बजे दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 115/300 के पास हुआ। परिवार वैष्णो देवी के दर्शन करके वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक आग लगई और कार में सवार संतोष (35), उनकी पत्नी शशि (32), दोनों बेटियाँ रागिनी व साक्षी तथा सास पार्वती (50) आग की चपेट में आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। सभी पाँचों तुरंत ही जलकर कंकाल हो गए।
ड्राइवर किसी तरह बच-बचाकर कार से बाहर तो कूद गया, लेकिन इसमें उसका शरीर भी 80 प्रतिशत तक बुरी तरह झुलस गया। इलाज के लिए ड्राईवर को जयपुर रेफर किया गया है।
स्थानीय पुलिस ने आग पर काबू पाने के लिए दो फायर ब्रिगेड बुलाईं, जिन्होंने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सभी के शव जलकर अलग-अलग हो चुके थे, जिन्हें कई पोटलियों में रखकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे में जली अर्टिगा कार CNG मॉडल थी। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि सीएनजी गैस लीकेज की वजह से आग तेजी से भड़क उठी। पुलिस हादसे की सही वजह की विस्तार से जांच कर रही है।
इस लिंक को शेयर करें

