जयपुर में राशन का सरकारी गेहूं रास्ते में उड़ाया, 53 लाख का गेहूं मार्केट में बेचा! ट्रांसपोर्ट कंपनी पर गबन का आरोप

Jaipur Food Department Fraud: जयपुर के खाद्य विभाग के सरकारी राशन वितरण में बड़ा घोटाला सामने आया है। खाद्य विभाग ने टेंडर करके मैसर्स भरत लाल शिव सहाय एंड संस नाम की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी को राशन का गेहूं गोदाम से लेकर दुकानों पर सप्लाई करने का काम दिया था। लेकिन कंपनी के मालिक ने फरवरी महीने के कोटे का 1790 क्विंटल सरकारी गेहूं राशन की दुकानों तक पहुंचाने के बजाय बीच में ही गायब कर दिया और मार्केट में बेच दिया। खाद्य विभाग के अनुसार, चोरी किए सरकारी गेहूं की कीमत तकरीबन 53 लाख रुपये बताई जा रही है। (1790 Quintal Ration Wheat Sold Openly)
कंपनी ने गेहूं की चोरी छिपाने के लिए मार्च 2026 के कोटे का 1311 क्विंटल गेहूं को फरवरी कोटे का बताकर राशन की दुकानों को सप्लाई कर दिया, लेकिन जाँच में यह हेरफेर खुल गयी। जब चौमूं, चाकसू, आंधी, जालसू, आमेर, जमवारामगढ़, बस्सी और झोटवाड़ा इलाकों की 34 राशन की दुकानों तक ज़रुरत का पूरा गेहूं नहीं पहुंचा, तो दुकानदारों ने खाद्य विभाग में शिकायत कर दी। खाद्य विभाग की सतर्कता टीम ने जांच की तो पूरा मामला खुल गया।
जयपुर राशन कार्यालय-द्वितीय के प्रवर्तन अधिकारी निशांत पंचोली ने सांगानेर सदर थाने में शिकायत दर्ज करवाई और ट्रांसपोर्ट फर्म मैसर्स भरत लाल शिव सहाय एंड संस के मालिक विनोद कुमार शर्मा पर गबन का आरोप लगाया है। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। खाद्य विभाग अब कंपनी से 53 लाख रुपये की राशि वसूलने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
इस लिंक को शेयर करें

