5 और 8 साल की बच्चियों की शादी हो रही थी! जज ने घर से ही आदेश निकाला, जयपुर प्रशासन ने बीच में ही रुकवाई शादी

Jamwaramgarh Child Marriage Stopped: जयपुर के जिला प्रशासन और न्यायिक अधिकारियों ने जमवारामगढ़ इलाके में दो नाबालिग बच्चियों की शादी में दखल देकर उनके बाल विवाह को बीच में ही रुकवा दिया। नाबालिग बच्चियों की उम्र 5 साल और 8 साल है और उनका विवाह 9 और 11 साल के लड़कों के साथ करवाया जाने वाला था।
घटना 28 अप्रैल की बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रयास नाम की संस्था ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को जमवारामगढ़ इलाके में बाल विवाह होने की सूचना दी थी, जिसके बाद विधिक प्राधिकरण और जिला प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चियों की शादी रुकवाई। वैसे तो बच्चों की शादी 29 तारीख को होना तय थी, लेकिन परिवार वालों को डर था कि कोई बीच में आकर शादी को रुकवा ना दे, इसलिए वे एक दिन पहले ही फेरे कराने की तैयारी में लगे हुए थे।
घटना के दिन जमवारामगढ़ के न्यायिक अधिकारी छुट्टी पर थे, इसलिए लिंक मजिस्ट्रेट हूमा कौहरी ने शादी रोकने का आदेश दिया। हुमा कौहरी ने रात में ही अपने निवास स्थान से ही बाल विवाह प्रतिबंध आदेश जारी किया, जिसके बाद प्रशासन, पुलिस और बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए देर रात जयपुर से जमवारामगढ़ पहुंची और परिवार वालों को समझा-बुझाकर बल विवाह को तुरंत रुकवा दिया।
शादी रुकवाने के बाद बाल कल्याण समिति ने दोनों बच्चियों को अपने संरक्षण में ले लिया और अदालत के आदेश पर उन्हें बालिका गृह भेज दिया गया है। साथ ही, दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी गई कि अगर फिर से बच्चियों की शादी करवाने की कोशिश की, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस लिंक को शेयर करें

