रोजा इफ्तार के बाद जेल अधीक्षक हटाए गए, जोधपुर सेंट्रल जेल में कैदियों की फोटो हुई थी वायरल

जोधपुर सेंट्रल जेल में रोजा इफ्तार पार्टी की फोटो वायरल होने के बाद जेल मुख्यालय ने जेल अधीक्षक प्रदीप लखावत को हटा दिया है। बता दें कि 13 मार्च को जेल में रोजा इफ्तार पार्टी हुई थी। जिसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इसके बाद जेल प्रशासन ने सघन जांच अभियान चलाया था जिसके बाद 13 मोबाइल फोन और सिम कार्ड मिले। बता दें कि इससे पहले 9 मार्च को जेलर हड़मत सिंह को भी सस्पेंड किया गया था।
रोजा इफ्तार के फोटो वायरल होने के बाद अब शासन सचिवालय से संयुक्त शासन सचिव अवधेश सिंह ने जेल अधीक्षक प्रदीप लखावत को एपीओ कर दिया। अब लखावत को अगले आदेश तक जयपुर मुख्यालय में तैनात रहना होगा। बता दें कि जेल में फोटो शेयर होने के बाद जेल अधीक्षक के नेतृत्व में देर रात कई टीमों ने वार्ड 7 में तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद यहां से टीम ने 7 स्मार्टफोन, 4 कीपैड मोबाइल और 11 सिम कार्ड बरामद किए।
सेल्फी के लिए दूसरे कैदी से लिया था फोन
जानकारी के अनुसार प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कैदियों ने विरोध किया। इसके बाद रातानाडा थाने में जेल प्रशासन ने 2 रिपोर्ट दर्ज करवाई। फोटो में दिख रहे कैदियों के नाम वसीम खान, वाहिद खान, शेखर, सुभाष और करीम है। सेल्फी के लिए बैरक संख्या 2 के बंदी नरपत सिंह से सलीम फोन मांगकर लाया था। इसके बाद फोटो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया।
इस लिंक को शेयर करें

