SAT, 07 FEBRUARY 2026

IPL से पहले RCA में भूचाल! हाईकोर्ट ने कन्वीनर डीडी कुमावत को किया OUT

news image
राजस्थान
06 Feb 2026, 02:07 pm
76 देखें
रिपोर्टर : ज्योति शर्मा

Highcourt on RCA: राजस्थान की क्रिकेट पिच पर फिर से बवाल हो गया है। ये बवाल बल्ले-गेंद का नहीं, बल्कि कुर्सी और नियमों का है। हाईकोर्ट के एक आदेश ने RCA की राजनीति में ऐसा भूचाल ला दिया है कि IPL से पहले पूरा सिस्टम हिल गया है। दरअसल जोधपुर हाईकोर्ट ने RCA एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डी.डी. कुमावत (Deendayal Kumawat) की नियुक्ति पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने कहा है कि जब तक आरोपों के खिलाफ संतोषजनक जवाब पेश नहीं किया जाता तब तक कन्वीनर के अधिकारों से कुमावत वंचित रहेंगे।


डीडी कुमावत पर पर क्या हैं आरोप


दरअसल डीडी कुमावत पर RCA बायलॉज के उल्लंघन का आरोप है। याचिकाकर्ता देवी सिंह का आरोप ये कि आर्टिकल 26 कहता है जिसके खिलाफ आपराधिक मामले में चार्ज-फ्रेम हो चुका हो, वो RCA की किसी कमेटी में नहीं बैठ सकता। लेकिन कुमावत (RCA D.D. Kumawat case) के खिलाफ 18 सितंबर 2025 को आरोप तय हुए थे। इसके बाद भी उन्हें कन्वीनर बना दिया गया।



बस सारा खेल और यहीं से फंस गया। क्योंकि नियम तोड़कर बनाई गई नियुक्ति RCA की पारदर्शिता पर सवाल उठाती है। दूसरी तरफ कुमावत कह रहे हैं कि ये चार्ज-फ्रेम तो जयपुर हाईकोर्ट नवंबर 2025 में ही खारिज कर चुका है। कोर्ट को गलत जानकारी दी गई है। कुमावत का दावा है कि रामनवमी पर डीजे बजाने वाले केस में जो चार्ज-फ्रेम बताया जा रहा है वो तो खत्म हो चुका है। रामनवमी पर डीजे बजाने को लेकर एक केस हुआ था। ऐसे में इस मामले में किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं बनती है। कुमावत ने कहा कि वह जल्द ही हाईकोर्ट में अपने सभी तथ्य और दस्तावेज पेश करेंगे।


हाईकोर्ट ने विचार योग्य माना है केस


इधर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा है कि मामला विचार योग्य है। कोर्ट ने राज्य सरकार, सहकारिता विभाग, सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन यानी RCA और रेस्पोंडेंट नंबर 4 को नोटिस जारी करने के निर्देश दे दिया है।


एक तरफ IPL आने वाला है और दूसरी तरफ RCA का पूरा सिस्टम पहले ही झूले की तरह झूल रहा है। हाईकोर्ट का ये आदेश, फैसले से पहले ही RCA की धड़कन बढ़ा चुका है। पूरा एडमिनिस्ट्रेशन अलर्ट पर है। ऑर्गेनाइजेशन में हलचल और सभी की नजर अब अगली सुनवाई पर हैं। हाईकोर्ट ने सरकार और RCA से 8 हफ्तों में जवाब मांगा है। ऐसे में सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या कुमावत अपनी कुर्सी वापस पा पाएंगे या फिर RCA की कमान किसी और हाथ में जाएगी?


इस लिंक को शेयर करें

ads
लेटेस्ट खबरें
ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.