विधानसभा में किरोड़ी लाल मीणा का बड़ा ऐलान, फसल बीमा घोटाले मामले की होगी SOG जांच

विधानसभा में किरोड़ी लाल मीणा का बड़ा ऐलान, फसल बीमा घोटाले मामले की होगी SOG जांच
राजस्थान
16 Feb 2026, 12:46 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Kirodi Lal Meena: राजस्थान में किसानों के फसल बीमा को लेकर सामने आए कथित घोटाले ने बड़ा मोड़ ले लिया है। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने विधानसभा में ये ऐलान कर दिया है कि इस पूरे मामले की अब SOG जांच होगी। किरोड़ी ने सालासर की SBI शाखा पर की गई कार्रवाई के आधार पर बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी।

सालासर SBI बैंक में संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई

दो दिन पहले ही किरोड़ी लाल मीणा ने सालासर स्थित एक सरकारी बैंक शाखा में अचानक पहुंचकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़े दस्तावेज खंगाले थे। उन्होंने इन रिकॉर्ड में गड़बड़ियां निकालीं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के नाम पर दिखाए गए बीमा दावों में भारी अनियमितताएं हैं। इसी आधार पर बैंक प्रबंधक, कुछ कर्मचारी और बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

विधानसभा में उठे सवाल पर किरोड़ी का जवाब

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में गड़बड़ी को लेकर शेरगढ़ से विधायक बाबूसिंह राठौड़ के प्रश्न का उत्तर देते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में कई स्तरों पर अनियमितता की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने सदन में अपनी तरफ से की गई प्रारंभिक जांच की रिपोर्ट भी रखी और उन सभी घटनाओं का जिक्र किया जो संभावित घोटाले की ओर इशारा करती हैं।

अब पूरे प्रदेश में होगी SOG जांच

सदन में किरोड़ी ने साफ किया कि फसल बीमा में हुई गड़बड़ियों की व्यापक जांच अब स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) करेगी। इस फैसले के बाद माफिया, बिचौलिए और मनमानी करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई का रास्ता साफ माना जा रहा है।

किसानों में उम्मीद, सिस्टम में खलबली

गौरतलब है कि फसल बीमा योजना में पारदर्शिता की मांग लंबे समय से उठती रही है। SOG जांच के ऐलान के बाद किसानों में जहां उम्मीद जगी है, वहीं बैंक और बीमा तंत्र में हलचल साफ दिखाई दे रही है।

 


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.