श्मशान की जमीन पर बना रहे पार्टी का ऑफिस, कम से कम इसे तो छोड़ दो..सदन में कांग्रेस MLA का आरोप

Rajasthan Assembly: राजस्थान विधानसभा में बुधवार की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस विधायक घनश्याम मेहर ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि करौली में श्मशान और कब्रिस्तान की जमीन पर बीजेपी का ऑफिस बनाने का काम चल रहा है। घनश्याम मेहर (Congress MLA) ने स्थगन प्रस्ताव के दौरान दावा किया कि करौली जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट के सामने बने श्मशान और कब्रिस्तान के लिए जो जमीन आरक्षित की गई है, उसे अब बीजेपी अपने कार्यालय के लिए लेने की तैयारी कर रही है।
सदन में दिखाया विज्ञापन तो मचा हंगामा
विधायक घनश्याम मेहर ने सदन में एक विज्ञापन की कॉपी दिखाई और कहा कि नगर परिषद की तरफ से जारी नोटिस में इस जमीन को मास्टर प्लान में “श्मशान और कब्रिस्तान के उपयोग” के लिए प्रस्तावित बताया गया है। ऐसे में जब मास्टर प्लान इस जमीन को धार्मिक उपयोग के लिए चिन्हित किया गया है तो अब इसमें बदलाव कैसे किया जा सकता है?
‘श्मशान में ऑफिस बनाना हो तो बनाओ’
मेहर ने कहा कि करीब 3 बीघा जमीन को पार्टी कार्यालय बनाने के लिए आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। सरकार से निवेदन है कि कम से कम श्मशान-कब्रिस्तान की जमीनें तो छोड़ दो। लेकिन अगर आपको श्मशान में ही ऑफिस बनाना है तो बनाओ ये आपकी इच्छा है। मेहर ने कहा कि श्मशान की इस भूमि का उपयोग अब “संस्थानिक आवंटन” की कैटेगरी में डाला गया, जिससे ये बीजेपी के कार्यालय के लिए उपयोग में आने के लिए अनुकूल हो जाए। मेहर ने इसे जनभावनाओं से खिलवाड़ बताया। घनश्याम मेहर के इस दावे के बाद अब राजस्थान की सियासत गरमाने के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस इसे बीजेपी की धार्मिक उपयोग के लिए बनी भूमि पर कब्जा बता रही है दूसरी तरफ सरकार की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया।
इस लिंक को शेयर करें