राजस्थान में PHED ठेकेदारों का 3500 करोड़ बकाया, बोले- 'पैसे नहीं मिले तो रोक देंगे पानी सप्लाई'

Rajasthan PHED Contractors Dues: राजस्थान का पीएचईडी मंत्रालय अपने ठेकेदारों को भुगतान नहीं कर रहा है। ऐसे में अब ठेकेदारों ने शुक्रवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जलदाय भवन के बाहर आज सभी ठेकेदार बकाया भुगतान देने की मांग कर रहे हैं। ठेकेदारों की मानें तो पिछले 33 महीनो का करीब 3500 करोड़ रुपये का भुगतान अटका हुआ है। मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं जल जीवन मिशन और अमृत योजना का पैसा काफी दिनों से अटका हुआ है। ऐसे में उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। अब हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि घर का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। कई ठेकेदारों को तो अपनी फर्म बंद करने की नौबत आ गई है।
राजस्थान कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन संघर्ष समिति की ओर से प्रदेशभर के ठेकेदार इस धरने में शामिल हो रहे हैं। ऐसे में अब ठेकेदारों ने सरकार को 20 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया है। अगर 20 अप्रैल तक भुगतान नहीं मिलता है तो 21 अप्रैल से पूरे प्रदेश में रोजाना 2 घंटे पानी की सप्लाई रोक दी जाएगी।
15 दिन में भुगतान होना चाहिए
ठेकेदारों की मानें तो इस संकट का असर केवल उनके परिवारों पर नहीं बल्कि प्रदेश के 5 लाख परिवारों पर पड़ रहा है। सरकारी नियमों के अनुसार 15 दिन में भुगतान होना चाहिए लेकिन 33 महीने बाद भी पैसा नहीं मिला है। पैसा नहीं मिलने से जल जीवन मिशन और ईआरसीपी जैसे बड़े प्रोजेक्ट प्रभावित हो रहे हैं। कई जगहों पर काम रूका हुआ है।
इस लिंक को शेयर करें

