राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट: ट्रेन उड़ाने की साजिश या कुछ और? NIA-ATS की जांच तेज, रेल मंत्री ने दिया बड़ा बयान

राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट: ट्रेन उड़ाने की साजिश या कुछ और? NIA-ATS की जांच तेज, रेल मंत्री ने दिया बड़ा बयान
राजस्थान
05 Nov 2026, 04:33 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध विस्फोट की जांच अब तेज हो गई है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि धमाके से करीब 45 मिनट पहले ही इसी ट्रैक से यात्रियों से भरी ट्रेन गुजरी थी।

घटना के बाद अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), राजस्थान ATS, IB एजेंसियां मामले की पड़ताल कर रही हैं। इस बीच केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी गुरुवार को जयपुर में घटना को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि पूरे मामले की जांच चल रही है और इसके पीछे जो भी साजिश होगी, उसका पता लगाया जाएगा।

ट्रेन गुजरने के 45 मिनट बाद हुआ था धमाका

मामला श्रीगंगानगर जिले की श्रीविजयनगर तहसील के गांव 50 जीबी के पास का है। मंगलवार, 3 नवंबर की रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के ग्रामीण इलाकों में इसकी आवाज सुनाई दी।

धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर टूट गए। पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। आसपास के ग्रामीणों ने धमाके की आवाज सुनकर रेलवे प्रशासन और पुलिस को सूचना दी।

अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली यात्री ट्रेन रात करीब 8:30 बजे रवाना हुई थी और करीब 9 बजे घटनास्थल के पास से गुजरी थी। इसके लगभग 45 मिनट बाद विस्फोट हुआ। यानी अगर धमाका ट्रेन गुजरने से पहले होता तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।

NIA, ATS और बम निरोधक दस्ते ने जुटाए सबूत

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजस्थान ATS, IB, CID, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच एजेंसियों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। विस्फोट में किस तरह की सामग्री इस्तेमाल हुई और धमाका किस तरीके से किया गया, इसकी पड़ताल की जा रही है।

NIA की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची थी। रेलवे सुरक्षा बल के IG ज्योति कुमार ने इसकी पुष्टि की थी। श्रीगंगानगर के SP हरिशंकर यादव के मुताबिक, विस्फोट की प्रकृति और इस्तेमाल की गई सामग्री का पता फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा।

कई संदिग्ध हिरासत में, पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस मामले में 5 नवंबर को एक और अहम अपडेट सामने आया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हालांकि, अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे किसका हाथ है और इसका मकसद क्या था।

रेलवे प्रशासन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रामसिंहपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी श्रीगंगानगर के सिटी सीओ IPS नितिन चौधरी को सौंपी गई है

7.5 किलो RDX की बरामदगी से कनेक्शन?

इस घटना को लेकर एक और सवाल उठ रहा है। दरअसल, श्रीगंगानगर के सीमावर्ती इलाके में हाल ही में करीब 7.5 किलो RDX बरामद होने की खबर सामने आई थी। इसके बाद रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट को लेकर भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

हालांकि, श्रीगंगानगर के SP हरिशंकर यादव ने साफ किया था कि फिलहाल रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट का बरामद RDX से कोई संबंध सामने नहीं आया है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने क्या कहा?

गुरुवार को जयपुर में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रेलवे और राज्य प्रशासन के अधिकारी मिलकर जांच कर रहे हैं। मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ भी इस मामले पर चर्चा हुई है।

रेल मंत्री ने कहा कि शुरुआती सबूत जुटाए जाने के बाद राजस्थान पुलिस तय करेगी कि मामले में NIA को शामिल करने की प्रक्रिया आगे कैसे बढ़ाई जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.