सिर्फ 75 रुपये में चुना जाएगा राजस्थान यूथ कांग्रेस अध्यक्ष! NSUI प्रदेश अध्यक्ष का क्या होगा?

Rajasthan Youth Congress Elections: एक तरफ जहां चुनावों में करोंड़ो रुपए खर्च होते हैं। वहीं राजस्थान में अब सिर्फ 75 रुपए में चुनाव होगा। जी हां आपने सही सुना, सिर्फ 75 रुपये देकर राजस्थान यूथ कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना जाएगा। युवा नेताओं की ये जंग अब जेब से शुरू होकर इंटरव्यू रूम तक जा रही है और हर कैंप में हलचल है, बेचैनी है और युवा नेताओं के बीच प्रदेश का नेता बनने की होड़ है। लेकिन ये 7 रुपए का क्या लॉजिक है? ये हम आपको बता रहे हैं।
क्या है 75 रुपए का लॉजिक?
दरअसल हर तीन साल में होने वाले यूथ कांग्रेस के चुनाव अब फिर से शुरू होने जा रहे हैं। जिला, ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर नामांकन स्टार्ट और प्रदेश अध्यक्ष के लिए 26 मार्च से प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसका सदस्य बनने के लिए 75 रुपये देने पड़ेंगे। इसकी वोटिंग पूरी तरह ऑनलाइन होगी। यूथ कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए 4 टॉप उम्मीदवार हैं। इनका दिल्ली में इंटरव्यू होगा वैसे ही जैसे NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए राहुल गांधी ने इंटरव्यू लिए थे। इसके बाद आखिरी फैसला कांग्रेस आलाकमान का होगा।
बता दें कि यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के लिए 1 मार्च से नामांकन होना था लेकिन नई दिल्ली में AI समिट में यूथ कांग्रेस के शर्मनाक प्रदर्शन के चलते हुए विवाद और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु की गिरफ्तारी ने पूरा चुनाव ठंडे बस्ते में डाल दिया। अब प्रक्रिया फिर शुरू हो गई है और कैंपों की राजनीति पहले से ज्यादा तेज हो गई है।
कौन से नाम प्रदेश अध्यक्ष की रेस में?
अब आपको बताते हैं कि कौन से 4 नाम प्रदेश अध्यक्ष बनने की रेस मे हैं और सबसे ज्यादा चर्चित हैं। इनमें हैं अनिल चोपड़ा, अभिषेक चौधरी, दुष्यंत राज सिंह चुंडावत और यशवीर शूरा। इनके अलावा कई और युवा नेता भी दावेदारी में हैं, लेकिन असल मुकाबला इन्हीं के इर्द-गिर्द घूम रहा है। दूसरी तरफ NSUI में भी प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर 20 दिनों का टाइम मिला है। अगर फैसला नहीं हुआ तो वहां भी चुनाव फॉर्मेट लागू होगा। प्रदेश अध्यक्ष में 5 नाम सबसे ज्यादा सुर्खियों में हैं। रणवीर सिंघानिया, महेश चौधरी, महेश सामोता, महावीर गुर्जर और हरेंद्र चौधरी। इनके अलावा रितु बराला, रोहिताश्व मीणा, मोहित यादव जैसे नाम भी दावेदारी में हैं।
बता दें कि बीती फरवरी में विनोद जाखड़ को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से नया प्रदेशाध्यक्ष मिलने के लिए सभी लोग इंतजार में हैं। यानी NSUI और यूथ कांग्रेस- दोनों मोर्चे पर युवा राजनीति उबल रही है।बात तो यहां सिर्फ 75 रुपये की है लेकिन इस छोटे से अमाउंट के पीछे बड़े-बड़े नेताओं का पावर प्ले है। ऐसे में कौन राजस्थान का युवा चेहरा बनेगा, कौन ये सियासी स्क्रीनिंग टेस्ट जीतेगा, इसकी लड़ाई ऑनलाइन वोटिंग से लेकर इंटरव्यू रूम तक शुरू हो गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में राजस्थान की युवा राजनीति सबसे दिलचस्प मोड़ लेने वाली है।
इस लिंक को शेयर करें

