‘किरोड़ी बनते मुख्यमंत्री, बीजेपी ने कद्र नहीं की’, किरोड़ी लाल मीणा पर सदन में क्या बोले कांग्रेस नेता रामकेश मीणा

‘किरोड़ी बनते मुख्यमंत्री, बीजेपी ने कद्र नहीं की’, किरोड़ी लाल मीणा पर सदन में क्या बोले कांग्रेस नेता रामकेश मीणा
राजस्थान
20 Feb 2026, 05:58 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Rajasthan Assembly: राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को उप नेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा ने ऐसा बयान दे दिया जो अब सियासी गलियारों में चर्चा का मुख्य मुद्दा बन गया है। इस मुद्दे पर सदन में काफी देर तक हंगामा भी चला। दरअसल सदन में कृषि और सहकारिता विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान कांग्रेस से गंगापुर के विधायक और उप नेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा ने कह दिया कि, किरोड़ी लाल मीणा की कद्र बीजेपी ने नहीं की, हम तो ये चाह रहे थे कि वो मुख्यमंत्री बने या डिप्टी सीएम बनें लेकिन बीजेपी ने उन्हें कृषि मंत्री बना दिया।

रामकेश मीणा किरोड़ी लाल मीणा पर कई विवादित बोल बोले। उन्होंने सदन में ये कह दिया कि बीजेपी से मैं कहना चाहता हूं, आपके पास इतना अच्छा नेता है उसके साथ ऐसा मत करो। किरोड़ी मीणा बीजेपी के ताबूत में आखिर कील भी ठोकेंगे। वे अगर गंगापुर आते, तो मैं अपनी सीट भी उनके लिए तैयार हो जाऊंगा। आप अपनी बताओ क्या आप छोड़ोगे। आप तो सत्ता के लिए लड़ रहे हो। इतने काबिल नेता को आपने नजरअंदाज रखा, उन्हें कृषि मंत्री बना दिया, जबकि वे सीएम या डिप्टी सीएम बन सकते थे। रामकेश मीणा ने कहा कि मलाई खाए भजनलाल, जेल जाएं किरोड़ी लाल।

बीजेपी ने किरोड़ी लाल मीणा को वो सम्मान नहीं दिया जिसके वे हकदार थे। पूर्वी राजस्थान में बीजेपी को जो मजबूती मिली है वो किरोड़ी लाल मीणा की वजह से ही मिली। रामकेश मीणा ने कहा कि किरोड़ी मीणा किसान परिवार से आते हैं और वे किसानों की हर तकलीफ को करीब से जानते हैं, इसलिए वे किसानों के लिए उनके हक के लिए लड़ रहे हैं। लेकिन उन्हें बीजेपी ने कृषि विभाग तो दे दिया लेकिन आधे-अधूरे अधिकारों के साथ दिया। ग्रामीण विकास विभाग दिया तो वो भी पूरा नहीं दिया।

रामकेश मीणा के इन बयानों पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि रामकेश मीणा ऐसा इसलिए बोल रहे हैं कि कहीं वे गंगापुर ना आ जाएं और चर्चा के दौरान किसी मंत्री के अधिकारों पर बात करना विषय से भटकाने का काम होता है।

इस तरह विधानसभा में कृषि विभाग की अनुदान मांगों पर शुरू हुई चर्चा पूरी तरह किरोड़ी लाल मीणा पर केंद्रित होती चली गई। विपक्षी नेता रामकेश मीणा के बयानों ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है और अब देखना होगा कि सत्ता पक्ष और मंत्री किरोड़ी इस पर आगे कैसी प्रतिक्रिया देते हैं।




इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.