RCA की एडहॉक कमेटी में बीजेपी नेताओं के बेटों की एंट्री, अब कुल 5 मेंबर मंत्री-विधायकों-सांसदों के बेटे

RCA की एडहॉक कमेटी में बीजेपी नेताओं के बेटों की एंट्री, अब कुल 5 मेंबर मंत्री-विधायकों-सांसदों के बेटे
राजस्थान
30 Mar 2026, 10:01 am
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

RCA Ad hoc Committee: ऐसा लगता है कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन खेलों की नहीं बल्कि राजनीति की कमेटी बन गई है। बीते रविवार को RCA की एडहॉक कमेटी में दो नए लोगों की एंट्री हुई। एक भादरा विधायक संजीव बेनीवाल (Sanjeev Beniwal) के बेटे अर्जुन बेनीवाल हैं। तो दूसरे पूर्व मंत्री चंद्रराज सिंघवी के पोते अरिष्ठ सिंघवी हैं। वहीं विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव (Mohit Yadav) को कन्वीनर बनाया गया है। इन्हें मिलाकर अब कुल 5 टॉप मेंबर बीजेपी नेताओं के बेटे या पोते ही हैं।

2 साल में 9वीं बार RCA Ad hoc कमेटी का एक्सटेंशन

मोहित यादव और अर्जुन बेनीवाल की नियुक्ति कन्वीनर डीडी कुमावत (DD Kumawat) और सदस्य पिंकेश पोरवाल की जगह हुई है। वहीं अरिष्ठ सिंघवी को सदस्य के रूप नियुक्ति मिली है। ये पिछले 2 साल में 9वीं बार है जब एडहॉक कमेटी को एक्सटेंशन मिला है। वहीं पुराने नामों को जस का तस रखा गया है।

अब पांचों बीजेपी नेताओं के बेटे-पोते

सियासी जानकारों का कहना है कि एडहॉक कमेटी (RCA Ad hoc Committee) के एक्सटेंशन में ऐसा लग रहा है कि इसे खेल की नहीं बल्कि सियासी कमेटी बना दिया गया है। इसके जरिये अब इनका सियासी भविष्य तैयार किया जा रहा है। रविवार को जो लिस्ट जारी हुई उसमें 3 पुराने सदस्य धनंजय सिंह खींवसर जो चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर (Gajendra Singh Khimsar) के बेटे हैं, आशीष तिवाड़ी जो सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे हैं और कन्वीनर मोहित यादव जो विधायक जसवंत यादव के बेटे हैं, इनका नाम बरकरार रखा गया है। नए मेंबर अर्जुन बेनीवाल कुछ समय पहले ही हनुमानगढ़ जिला क्रिकेट संघ के सचिव बने थे।

कमेटी में अब सिर्फ एक ही सदस्य ‘असली’ क्रिकेटर

कमेटी में सदस्य अरिष्ठ सिंघवी भले ही पूर्व मंत्री चंद्रराज के पोते हों लेकिन वो असली और कमेटी में इकलौते क्रिकेटर भी हैं। वे राजस्थान से रणजी के साथ-साथ IPL भी खेल चुके हैं।

विवादों में घिरने के बावजूद मेंबर बने मंत्री के बेटे धनंजय

प्रदेश के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय विवादों में घिरे रहे हैं लेकिन बावजूद इसके इन्हें लगातार 9वीं बार कमेटी का सदस्य बनाया गया है। इनकी पहले कन्वीनर जयदीप बिहाणी और डीडी कुमावत से भी विवाद रहा है। इतना ही नहीं उन पर नागौर और जोधपुर दोनों जगह से अध्यक्ष होने के आरोप भी लगे हैं। इसका मामला कोर्ट तक भी चला है। लेकिन शायद इससे RCA को कोई फर्क नहीं पड़ता।

कब होंगे RCA के चुनाव?

कमेटी का एक्सटेंसन तो 2 साल में 9 बार हो गया लेकिन राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव कराने की सुध कोई नहीं ले रहा है। अब नए कन्वीनर मोहित यादव को इसकी सुध कब आती है ये देखना दिलचस्प रहेगा। ये भी कहा जा रहा है कि शायद अब तो IPL कराने को लेकर कमेटी को BCCI कोई जिम्मेदारी देगा।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.