‘केवल दिखावे से सशक्त नहीं बनेगा भारत’, सीकर में बोले प्रांत प्रचारक बाबूलाल

शेखावाटी की धरती पर वीरता, त्याग और आध्यात्मिकता की परंपरा को नई ऊर्जा देते हुए सीकर जिले के समर्थपुरा स्थित बणी के बालाजी धाम में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल ने समाज को आत्ममंथन का संदेश देते हुए कहा कि राष्ट्र की असली ताकत केवल बाहरी दिखावे में नहीं, बल्कि नागरिक चरित्र, जीवन मूल्यों और राष्ट्रीय निष्ठा में निहित होती है।
अपने संबोधन में उन्होंने “प्रोडक्ट बनाम पैकेजिंग” का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत की शक्ति उसके संस्कारों, विचारों और आत्मनिष्ठ नागरिकों में है, न कि केवल चमक-दमक की पैकेजिंग में। कथनी-करनी की एकरूपता को उन्होंने विकसित भारत की नींव बताया।
विकसित भारत की अवधारणा पर चर्चा
बाबूलाल ने कहा कि यह सम्मेलन किसी एक जाति या पंथ का नहीं, बल्कि उन सभी हिंदुओं का है जो राष्ट्र निर्माण में विश्वास रखते हैं। उन्होंने नागरिक कर्तव्यपालन, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण को विकसित भारत का मार्ग बताया। उन्होंने प्लास्टिक-मुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी दिलाया और कहा कि जब समाज अपनी जड़ों, संस्कृति और स्वदेशी मूल्यों की ओर लौटेगा, तभी भारत पुनः विश्व गुरु की ओर अग्रसर होगा।
कलश यात्रा ने बढ़ाया माहौल का उत्साह
महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकालकर सम्मेलन की शुरुआत की। जयघोषों से गुंजायमान यह यात्रा पूरे क्षेत्र को सांस्कृतिक चेतना और एकता के रंग में रंगती हुई आगे बढ़ी। विविध प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह
कार्यक्रम में रोरु बड़ी धाम के संत कमलनाथ जी महाराज ने भारतीय विज्ञान, तिथि-पद्धति और पारंपरिक समय गणना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पाश्चात्य संस्कृति के अंधानुकरण से बचने और भारतीय तरीके से त्योहार मनाने का संदेश दिया।
इसके अलावा मंच पर डॉ. प्रियंका अमन मिश्रा ने समाज को संबोधित किया, जबकि भजन गायिका किरण बाईसा ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बनाया। स्कूली छात्रों की पोस्टर प्रदर्शनी और सांस्कृतिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस लिंक को शेयर करें