THU, 05 FEBRUARY 2026

विधानसभा में गर्माया बुजुर्ग महिला के पैर काटकर लूट-पाट करने के मामला, गृहराज्य मंत्री बोले- हमारी सरकार में कम हुए अपराध

news image
राजस्थान
04 Feb 2026, 05:46 pm
70 देखें
रिपोर्टर : ज्योति शर्मा



Sawai Madhopur Crime: सवाई माधोपुर में बुजुर्ग महिला का पैर काटकर चांदी के कड़े समेत सभी गहने लूटने और फिर उसकी गला काटकर हत्या का मामला बुधवार को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान भी गरजा। बामनवास विधायक इंदिरा मीणा ने सदन में सवाल उठाया और सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार इतना बढ़ गया है। लगातार अब इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। कानून व्यवस्था इतनी चौपट हो चुकी है।

बीजेपी सरकार में चौपट कानून व्यवस्था

इंदिरा मीणा (Indira Meena) ने कहा कि ये घटना तीसरी घटना है। 11-12 महीने पहले बामनवास के ही जाहिरा गांव में इस तरह की मामला सामने आया था। जिसे लेकर किरोड़ी लाल मीणा ने भी 3 दिन धरना दिया था। उसमें समझाइश भी उन्होंने की थी लेकिन आज तक उसके अपराधी पकड़े नहीं गए हैं। उसके बाद दूसरी घटना सीतोड़ में हुई। 50 साल की महिला के साथ भी यही हुआ था लेकिन वो महिला जिंदा बच गई इसलिए आरोपी पकड़े गए। कानून व्यवस्था इतनी चौपट हो चुकी है। सरकार इन्हें जल्द से जल्द न्याय दिलाए और कानून व्यवस्था को दुरुस्त करे। ताकि बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

गृहराज्य मंत्री बेढ़म बोले- हमारी सरकार में कम हुए अपराध

दूसरी तरफ इन अपराधों के सवाल पर गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म (Jawahar Singh Bedham) ने मीडिया से कहा कि भजनलाल सरकार में अपराध काफी कम हुए हैं। महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों को कम करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इस मामले पर अब कांग्रेस बीजेपी पर हमलावर हो रही है। कांग्रेस लगातार बीजेपी पर अपराध बढ़ने और उनका लगाम ना लगा पाने की बात कह रही है तो वहीं बीजेपी इसे कांग्रेस की बौखलाहट बता रही है।

चांदी के कड़े लूटने के लिए काटे दोनों पैर, फिर गला रेता

बता दें कि ये घटना बामनवास के बौंली थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुई है। यहां के कोडयाई गांव में अज्ञात लुटेरों ने 60 साल की कमला देवी की बेरहमी से हत्या कर दी। लुटेरों की दरिंदगी का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चांदी के कड़े लूटने के लिए उन्होंने महिला के दोनों पैर कुल्हाड़ी से काट डाले और गला रेतकर हत्या कर दी।

14 लाख के जेवर लूटकर फरार

जानकारी के मुताबिक कमला देवी रोजाना की तरह गांव के पास जंगल में बकरियां चराने गई थीं। इसी दौरान लुटेरों ने उन्हें अकेला पाकर हमला किया। महिला ने करीब ढाई किलो चांदी के कड़े और 5 तोले सोने के जेवर पहने हुए थे। इन्हें निकालने के लिए अपराधियों ने पैर काट दिए और महिला की हत्या कर करीब 13–14 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए।

सड़क पर शव रखकर ग्रामीणों के साथ इंदिरा मीणा का धरना

शाम को बकरियां तो घर लौट आईं, लेकिन कमला देवी नहीं पहुंचीं। इसके बाद बेटा हंसराज उन्हें ढूंढने जंगल पहुंचा, जहां उसने मां का लहूलुहान और क्षत-विक्षत शव देखा। घटना की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने महिला के शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर जस्टाना बाईपास पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचीं बामनवास विधायक इंदिरा मीणा भी ग्रामीणों के साथ रातभर धरने पर बैठीं। ग्रामीणों की मांग है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव नहीं उठाएंगे।

धरने पर बैठी विधायक इंदिरा मीणा ने वहीं पर सरकार और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में यह तीसरी बड़ी लूट और हत्या की वारदात है, लेकिन अपराधियों पर कार्रवाई नहीं हो रही। बीजेपी राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, प्रशासन को कई बार चेताया गया, लेकिन अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। गौरतलब है कि इस मामले में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


इस लिंक को शेयर करें

ads
लेटेस्ट खबरें
ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.