रोहित बोहरा के आपत्तिजनक हरकत का मुद्दा सदन में उठा, श्रीचंद कृपलानी-जोगाराम पटेल के सवाल पर क्या बोले स्पीकर

Rajasthan Assembly: राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सदन की मर्यादा को तार-तार करने वाले रोहित बोहरा का मुद्दा शुक्रवार को सदन में उठाया गया। रोहित बोहरा (Rohit Bohra) के इस वायरल वीडियो पर निंबाहेड़ा के विधायक श्रीचंद कृपलानी और संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने आपत्ति जताई और स्पीकर से इस गंभीर मुद्दे पर जल्द एक्शन लेने को कहा।
कांग्रेस बोली जबरदस्ती इसे तूल दे रहे, बीजेपी बोली कांग्रेस को अफसोस तक नहीं
रोहित बोहरा के इस मुद्दे पर कांग्रेस और बीजेपी दोनों तरफ के सदस्यों ने अपनी बात रखी। कांग्रेस विधायकों ने कहा कि इस मुद्दे को ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए। तो बीजेपी विधायकों ने आपत्ति जताई और तत्काल कार्रवाई की मांग की। बीजेपी विधायक श्रीचंद कृपलानी (Shrichand Kriplani) ने कहा कि राजाखेड़ा के कांग्रेस विधायक के किए गए ये आपत्तिजनक इशारे सदन की गरिमा और मर्यादा के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक संस्थाओं की मर्यादा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाता है।
श्री चंद जी और जोगाराम जी को रोहित बोहरा का कल वाला एक्शन पसंद नहीं आया
मास्टर जी ने कह दिया है कि क्लास छूटने के बाद वे वीडियो देखेंगे और फिर कोई फैसला करेंगे pic.twitter.com/ulNGyGXsrG
— Arvind Chotia (@arvindchotia) February 13, 2026
किसी भी विधायक की ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं
कृपलानी के बाद संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि विधायक किसी भी पक्ष का हो, इस तरह की हरकतें सदन में जरा भी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। ना ही ये बर्दाश्त करने लायक हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से कार्रवाई की मांग की और कहा कि ऐसा सदस्य सदन में रहने के योग्य नहीं माना जाना चाहिए।
इस बात पर कांग्रेस विधायक रफीक खान ने कहा कि जिस बात को इतना बड़ा मुद्दा बनाया जा रहा है उसे तूल देने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले मेरे खिलाफ भी नारेबाजी हुई थी, जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने रिकॉर्ड से हटवा दिया था। इसे भी उसी की तरह देखना चाहिए। जब विधायक ने ये हरकत की उस वक्त वो अपनी सीट पर बैठे थे वो बोल भी नहीं रहे थे। वो तो पीछे बैठे थे, बस कैमरे में ये रिकॉर्ड हो गया।
रफीक खान के इस बयान पर बीजेपी ने आपत्ति जताई। बीजेपी के मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि क्या कांग्रेस नेता अपने विधायक को बचा रहे हैं क्या कांग्रेस को अपने विधायक की इस हरकत पर जरा भी अफसोस नहीं है। जबकि कांग्रेस को सदन के भीतर इस तरह के इशारों की निंदा करनी चाहिए और अपना स्टैंड क्लियर रखना चाहिए।
कार्रवाई से पहले वीडियो देखेंगे देवनानी
इस पर सदन के स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा कि ये एक गंभीर मुद्दा है। इस पर विचार जरूरी है लेकिन इस पर फैसला देने से पहले इस वीडियो को देखेंगे और अगर उन्हें ऐसा लगा कि ये बेहद गंभीर है और सदन की मर्यादा के खिलाफ है, तब वे इस पर उचित कार्रवाई करेंगे।
इस लिंक को शेयर करें

