खेजड़ी बचाने के बीकानेर महापड़ाव को मिला वसुंधरा राजे का साथ तो डोटासरा ने साधा बीजेपी पर निशाना

Khejadi Bachao Abhiyan: खेजड़ी बचाओ अभियान को लेकर बीकानेर में महापड़ाव जारी है। प्रदेश भर के संत समाज, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संस्थाएं समेत आम लोग यहां अपनी मांगों को लेकर बैठे हुए हैं। सरकार से वे मांग कर रहे हैं कि खेजड़ी की कटाई को रोकें अन्यथा ये आंदोलन उग्र होगा। इस अभियान को लेकर अब तक ये सवाल उठ रहा था कि इसके समर्थन में कोई भी बीजेपी नेता नहीं आया। लेकिन अब बीजेपी की कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) ने इसे अपना समर्थन दे दिया है। वसुंधरा राजे ने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर सभी को खेजड़ी बचाने के लिए आगे आना चाहिए।
वसुंधरा राजे ने किया ये पोस्ट
वसुंधरा राजे ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट किया कि “सिर साँठे रूंख रहे तो भी सस्तो जाण, खेजड़ी साधारण पेड़ नहीं, ये हमारे लिए देववृक्ष है। जो हमारी आस्था और भावनाओं से जुड़ा है। हमारे यहाँ खेजड़ी की पूजा की जाती हैं। मैं स्वयं भी खेजड़ी की पूजा करती हूँ। जिसकी हम पूजा करें, उस देवता का संरक्षण हमारा दायित्व है। राजनीति से ऊपर उठकर हमें इसके संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। इसे बचाना चाहिए। मैं खेजड़ी और ओरण (गौचर भूमि) को बचाने की मुहिम में सबके साथ हूँ।“
PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने बीजेपी को घेरा
यानी वसुंधरा राजे ने साफ कर दिया है कि बीजेपी का स्टैंड इस अभियान को लेकर जो कुछ हो, वो इस अभियान में अब लोगों के साथ हैं। दूसरी तरफ वसुंधरा राजे के पोस्ट करने के कुछ देर बाद कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) ने भी खेजड़ी के समर्थन में लिखा। उन्होंने बीजेपी पर निशाना भी साधा। उन्होंने राजस्थान सरकार को टैग करते हुए लिखा कि "सिर सांटे, रूंख रहे, तो भी सस्तो जांण, ये अमर वाक्य उस महान बलिदान की गवाही देता है, जब अमृता देवी बिश्नोई जी ने खेजड़ी की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे। उनके साथ 363 अन्य लोगों ने भी खेजड़ी वृक्षों को बचाने में अपने जीवन का बलिदान दिया था। आज राजस्थान में उसी खेजड़ी को बचाने की पुकार एक बार फिर गूंज रही है। बीकानेर में प्रदेशभर से उमड़ा ये जनसैलाब पेड़ों की रक्षा, जीवन की सुरक्षा का संदेश दे रहा है।“
PCC अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने लिखा कि “भाजपा सरकार के कुशासन में विकास के नाम पर खेजड़ी के लाखों पेड़ों की कटाई एक भयावह पर्यावरणीय त्रासदी है। एक ओर सरकार जहां हरियाळो राजस्थान जैसे अभियान चलाकर खुद को पर्यावरण संरक्षण की प्रहरी का ढोंग कर रही है, वहीं दूसरी ओर हजारों साल पुराने रेगिस्तानी पारिस्थितिकी तंत्र की रीढ़ कहे जाने वाले खेजड़ी की अंधाधुंध कटाई पर मौन बैठी है। राज्य सरकार को इस संवेदनशील मुद्दे का संज्ञान लेना चाहिए एवं पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पर्यावरण संरक्षण के लिए कठोर नीति लागू करनी चाहिए।“
हनुमान बेनीवाल और रविंद्र भाटी का समर्थन
बता दें कि खेजड़ी बचाओ अभियान को लेकर बीकानेर में डाले गए महापड़ाव का नेतृत्व दिग्गज कांग्रेस नेता और बिश्नोई समाज के प्रमुख परसराम बिश्नोई कर रहे हैं। उन्होंने RLP अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल से भी समर्थन ले लिया है। वहीं शिव विधायक रविंद्र भाटी भी इस महापड़ाव में जाकर इसे अपना समर्थन दे चुके हैं।
इस लिंक को शेयर करें