Jaipur: विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी ने किया इलेक्ट्रोपैथी बोर्ड भवन का उद्घाटन, कहा- राजस्थान के स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा

Jaipur: राजस्थान के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक अहम भूमिका निभाते हुए जयपुर में इलेक्ट्रोपैथी बोर्ड भवन का उद्घाटन कर दिया गया। खुद विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी ने इसका उद्घाटन किया। ये नया भवन गांधी नगर में स्थित है।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वासुदेव देवनानी ही थे। कार्यक्रम में इलेक्ट्रोपैथी चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. हेमंत सेठिया ने कहा कि साल 1998 से शुरू हुआ ये अभियान आज संस्थागत स्वरूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिगंबर सिंह, राजेंद्र राठौड़ और कालीचरण सर्राफ के योगदान का जिक्र भी किया और कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सकारात्मक पहल से 2018 के अधिनियम को बोर्ड गठन के माध्यम से पूर्णता मिली।
114 औषधीय पौधों पर आधारित है पद्धति
राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. त्रिभुवन शर्मा ने कहा कि इलेक्ट्रोपैथी का संबंध “इलेक्ट्रिसिटी” से नहीं, बल्कि शरीर के आयोनिक संतुलन से है। उन्होंने बताया कि यह पद्धति 114 औषधीय पौधों के अर्क पर आधारित है और प्राकृतिक चिकित्सा सिद्धांतों पर कार्य करती है। उन्होंने वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों के वैज्ञानिक अध्ययन और अनुसंधान की आवश्यकता पर भी बल दिया।
“फिर से विश्व गुरू बनने की राह पर भारत”
वासुदेव देवनानी ने संबोधन में कहा कि भारतीय परंपरा और प्रकृति आधारित चिकित्सा पद्धतियाँ आज फिर विश्व स्तर पर सम्मान प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रोपैथी राजस्थान के स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने इलेक्ट्रोपैथी के विकास के लिए तीन अहम बिंदुओं पर जोर दिया:
मानकीकरण (Standardization)
शिक्षण व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण
अनुसंधान (Research)
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण और गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ने पर यह पद्धति भविष्य में व्यापक स्वीकार्यता प्राप्त कर सकती है।
जनसहयोग से विकसित हुआ परिसर
कार्यक्रम में बोर्ड रजिस्ट्रार डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि बोर्ड कार्यालय स्थापित होने से अब पंजीकरण, प्रशासनिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन व्यवस्थित रूप से किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि परिसर के विकास में जनसहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कांति चंद दुग्गड़ जी के सहयोग से कॉन्फ्रेंस हॉल, माणकचंद बोथरा जी के सौजन्य से जल मंदिर, हरीश गोयल की पत्नी रामा गोयल के सहयोग से पुस्तकालय, विधायक कालीचरण सर्राफ के प्रयासों से सड़क निर्माण और नेचर वेलफेयर काउंसिल एवं वाइटल केयर फाउंडेशन के सहयोग से हरा-भरा परिसर विकसित किया जा रहा है।
न्यूज़ लेटर एवं पुस्तिका का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड के न्यूज लेटर “द इलेक्ट्रोपैथी संवाद” के तृतीय संस्करण तथा “आरोग्य मेला” पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इससे पूर्व गायत्री हवन एवं अमृत वाणी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का संचालन श्वेता जैन ने किया।
बता दें कि इस कार्यक्रम में मालवीय नगर विधायक कालीचरण सर्राफ, राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, जोबनेर के कुलपति प्रो. त्रिभुवन शर्मा, बोर्ड रजिस्ट्रार डॉ. आनंद कुमार शर्मा, इलेक्ट्रोपैथी चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष ई. डॉ. हेमंत सेठिया सहित कई डॉक्टर्स मौजूद रहे।
इस लिंक को शेयर करें

