महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी पर बलात्कार का आरोप: राजस्थान की युवती ने दिल्ली पुलिस को किया मेल, कहा- मुझे धमकी मिल रही है

महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी पर बलात्कार का आरोप: राजस्थान की युवती ने दिल्ली पुलिस को किया मेल, कहा- मुझे धमकी मिल रही है
उत्तर प्रदेश
13 Feb 2026, 03:08 pm
रिपोर्टर : Dushyant

पंच अग्नि अखाड़ा के महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी पर राजस्थान की एक युवती ने बलात्कार का आरोप लगाया है। युवती ने 12 फरवरी को दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई-मेल भेजकर बलात्कार की शिकायत की और खुद व परिवार के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की है।

युवती ने अखाड़े के महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी पर आरोप लगाया कि उत्तम स्वामी ने कई वर्षों तक धर्म की आड़ में उसका यौन शोषण किया। उत्तम स्वामी उसके साथ तब से बलात्कार करता आ रहा है, जब वह नाबालिग थी। महामंडलेश्वर ने कई सालों तक उसे डरा धमकाकर रखा और उसके साथ अलग-अलग जगह पर यौन शोषण किया। पीड़िता ने कहा है कि उसके पास आरोप को साबित करने के लिए संबंधित सबूत मौजूद हैं। पीड़िता की मांग है कि आरोपी के खिलाफ़ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज होकर निष्पक्ष जांच की जाए।

ई-मेल में युवती ने लिखा है कि आरोपी को पहले ही पता चल गया था कि वह एफआईआर दर्ज कराने वाली है। इसलिए उसे पहले ही प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से धमकियां मिलनी शुरू हो गई हैं। उत्तम स्वामी और उनके सहयोगी पीड़िता पर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी के पास उसके और परिवार की निजी जानकारी है, जिसकी वजह से वह सबूतों से छेड़छाड़, गवाहों को प्रभावित करने या पीड़िता और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकता है।

पीड़िता ने लिखा कि उत्तम स्वामी स्वयंभू आध्यात्मिक नेता होने की वजह से उनकी पहुंच ऊपर तक है और उनके बड़ी संख्या में अनुयायी भी हैं। इस वजह से वह बेहद असुरक्षित महसूस कर रही है। उसने अपने घर पर 24 घंटे पुलिस सुरक्षा और अपनी पहचान को गोपनीय रखने की अपील की है।

मामले के सामने आते ही प्रदेश की राजनीति में हलचल और बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के सलाहकार केके मिश्रा ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर सरकार पर तंज कसा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हालांकि, प्रकरण में अभी तक भाजपा, पुलिस या प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। फिलहाल एफआईआर दर्ज होने या जांच शुरू होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2025 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.